![]()
जालंधर में स्कूल बस ड्राइवर ने रैश ड्राइविंग की। जब बच्चे चिल्लाने लगे तो लोगों ने उसे ट्रैफिक लाइट्स पर रोक लिया। इस पर ड्राइवर ने माफी मांग जान छुड़ाई और दोबारा ऐसा न करने के लिए कहा।
ड्राइवर ने अपना नाम नरिंदर बताया। बस पर इनोसेंट हार्ट स्कूल का नाम लिखा था। बस स्कूल की है या स्कूल ने ठेके पर ले रखी है, इसके बारे में पता नहीं चल पाया है।
ग्रीन माडल टाउन स्थित इनोसेंट हार्ट स्कूल का इस पर एड्रेस था। बस का नंबर PB-08-FL 2934 है। ड्राइवर नरिंदर कुमार बच्चों को संविधान चौक (बीएमसी) से कूल रोड की ओर जा रहा था। संविधान चौक पार करके जब बस कूल रोड चौक पर पहुंची तो वहां रेड लाइट थी। बस इतनी तेज थी कि ड्राइवर ने रुकने की बजाय उसे रांग साइड से अर्बन एस्टेट की ओर दौड़ा दिया। अंदर चिल्लाने लगे बच्चे, राहगीरों ने आवाज सुनकर रुकवाया
जैसे ही ड्राइवर ने रांग साइड से बस को दौड़ाना शुरू किया तो अंदर बैठे बच्चे और स्टाफ चिल्लाने लगा। राहगीरों ने बच्चों की आवाज सुनी तो बस को रोका। एक राहगीर ने ड्राइवर को नीचे उतार लिया और इस करतूत के लिए माफी मंगवाई। राहगीर ने सोशल मीडिया पर इसका वीडियो अपलोड किया। वीडियो डालने वाले ने अपना नाम नहीं बताया।
वीडियो बनाने वाले ने कहा-मेरा बच्चा भी इसी बस में था
वीडियो बनाने वाले ने कहा कि वह सिग्नल पर खड़ा था। यहीं पर वह अपने बच्चे के लेने के लिए रोज आता है और बस यहीं रुकती भी है। आज दोपहर 2 बजे के करीब जब वह यहां खड़ा तो देखा कि ड्राइवर बस को रोकने की बजाय तेज भगाते हुए रांग साइड से ले गया। उसका बच्चा भी इसी बस में बैठा था। गनीमत रही कि इस दौरान किसी को भी कोई चोट नहीं आई। अगर मौके पर सभी राहगीर ने हिम्मत न दिखाई होती तो अनहोनी से इंकार नहीं किया जा सकता था। दुर्घटना से बचाव के चलते परिजनों ने पुलिस से इस मामले को लेकर शिकायत नहीं की।
स्कूल मैनेजमेंट बोली- मामले की जांच करवाएंगे
मामले सबंधी इनोसेंट हार्ट स्कूल के डॉयरेक्टर डॉक्टर अनूप बौरी ने कहा कि उनके पास भी ये वीडियो पहुंचा है। किसी पेरेंट ने इसे बनाया है। उन्होंने कहा कि बस को तेज दौड़ाना और रांग साइड लेकर जाना ट्रेफिक नियमों के साथ स्कूल के नियमों के भी खिलाफ है। वह इस मामले की जांच करवाएंगे। सोमवार को स्टाफ और बच्चों से पूछताछ की जाएगी। ड्राइवर को भी बुलाया जाएगा। ड्राइवर की गलती सामने आती है तो एक्शन लिया जाएगा।
Source link







