![]()
हरियाणा के हांसी स्थित दिल्ली गेट पर करोड़ों रुपए की लागत से बनी सड़क को कथित तौर पर गलती से उखाड़े जाने के विरोध में वीरवार को प्रदर्शन किया गया। नगर परिषद के वाइस चेयरमैन अनिल बंसल के नेतृत्व में व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी (पब्लिक हेल्थ) विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान अनिल बंसल ने विभाग के अधिकारियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को यह तक जानकारी नहीं है कि कौन-सी सड़क किस विभाग के अधिकार क्षेत्र में आती है। बोले- अधिकारियों ने गलती स्वीकार की बंसल ने बताया कि दिल्ली गेट की इस सड़क का निर्माण कुछ समय पहले ही नगर परिषद द्वारा लगभग एक करोड़ रुपए की लागत से किया गया था। इसके बावजूद, पब्लिक हेल्थ विभाग ने बिना किसी ठोस कारण के सड़क को उखाड़ दिया। बाद में विभागीय अधिकारियों ने स्वीकार किया कि सड़क गलती से उखाड़ दी गई थी। दुकानदारों को हो रही परेशानी सड़क उखाड़ने के बाद पिछले लगभग 15 दिनों से उसे दोबारा ठीक करने की दिशा में कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उखाड़ी गई सड़क का मलबा अभी भी मौके पर पड़ा है, जिससे आधी सड़क अवरुद्ध हो गई है। इससे राहगीरों, वाहन चालकों और आसपास के दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अधिकारियों को कार्यक्षेत्र की जानकारी नहीं बंसल ने आरोप लगाया कि पब्लिक हेल्थ विभाग के अधिकारी इस सड़क को उखाड़ने के लिए बीएंडआर विभाग से अनुमति मांग रहे हैं, जबकि यह सड़क नगर परिषद के अधिकार क्षेत्र में आती है। यह दर्शाता है कि संबंधित अधिकारियों को अपने कार्यक्षेत्र की जानकारी नहीं है। लापरवाही के कारण नुकसान हुआ उन्होंने मांग की कि सड़क को दोबारा बनाने का खर्च सरकारी खजाने से नहीं, बल्कि उन अधिकारियों से वसूला जाए जिनकी लापरवाही के कारण यह नुकसान हुआ है। बंसल ने जोर दिया कि जनता के टैक्स के पैसे की इस तरह की बर्बादी स्वीकार्य नहीं है। प्रदर्शन के बाद दी चेतावनी अनिल बंसल ने चेतावनी दी कि यदि प्रदर्शन के बाद भी सड़क की मरम्मत का कार्य तुरंत शुरू नहीं किया गया तो वह वार्ड के लोगों और व्यापारियों के साथ पब्लिक हेल्थ विभाग के कार्यालय पर धरना देंगे और आंदोलन को और तेज करेंगे। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में व्यापारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
Source link
हांसी में सड़क गलती से उखाड़ने का आरोप:वाइस चेयरमैन ने पब्लिक हेल्थ विभाग को बताया जिम्मेदार; बोले-अपने कार्यक्षेत्र की जानकारी नहीं







