![]()
सोनीपत के सेक्टर-15 स्थित बिहारी मार्केट में चोरी के शक में 8 साल के एक मासूम बच्चे को कथित तौर पर थर्ड डिग्री टॉर्चर देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि एक बिजली दुकानदार और उसके बेटे ने बच्चे को पकड़कर बेरहमी से पीटा, उसके हाथ-पैर मरोड़कर कमर के पीछे लगाए, जमीन पर पटक-पटक कर मारपीट की और पंखे के कंडेनसर से बिजली का करंट भी लगाया। घटना के तीन अलग-अलग वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है। वीडियो में बच्चा दर्द से चीखता और रहम की गुहार लगाता दिखाई दे रहा है, जबकि आरोपी लगातार उसके साथ कथित रूप से बर्बरता करते नजर आ रहे हैं। पीड़ित परिवार ने गंभीर आरोप लगाए हैं, वहीं बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौते की बात भी सामने आई है। बिहारी मार्केट का मामला यह मामला सेक्टर-15 की बिहारी मार्केट स्थित एक बिजली की दुकान का बताया जा रहा है। आरोप है कि दुकान के बाहर रखी मोटरसाइकिल की खराब बैटरी चोरी होने के बाद दुकानदार ने चोरी के शक में एक 8 वर्षीय बच्चे को पकड़ लिया। इसके बाद दुकानदार संजीव गुप्ता और उसके बेटे ने कानून अपने हाथ में लेते हुए बच्चे के साथ कथित रूप से अमानवीय व्यवहार किया। घटना दोपहर के समय की बताई जा रही है और इसका वीडियो किसी पड़ोसी ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। 15-16 साल के किशोर के कहने पर उठाई थी बैटरी परिजनों के अनुसार, बच्चे ने अकेले बैटरी नहीं उठाई थी। परिवार का कहना है कि मोहल्ले के 15-16 साल के एक किशोर ने छोटे बच्चों को बैटरी उठाने के लिए कहा था। उसके साथ अन्य बच्चे भी थे, लेकिन दुकानदार के पहुंचने से पहले सभी भाग निकले। केवल 8 वर्षीय मासूम ही दुकानदार के हाथ लग गया। आरोप है कि उसी के बाद उसके साथ बर्बरता शुरू हुई। हाथ-पैर मरोड़े, जमीन पर पटका और बेरहमी से पीटा परिवार का आरोप है कि बच्चे को पहले जमीन पर गिराकर दबाया गया। उसके दोनों पैर जबरदस्ती मोड़े गए, हाथों को घुटनों के नीचे दबाकर कमर के पीछे ले जाया गया और लगातार थप्पड़, घूंसे व लातों से मारपीट की गई। इतना ही नहीं, दुकानदार के बेटे ने बच्चे को उठाकर कई बार जमीन पर पटका, जिससे वह दर्द से तड़पता रहा। इसके बावजूद दोनों आरोपियों ने मारपीट नहीं रोकी। कंडेनसर से करंट लगाने का गंभीर आरोप
सबसे गंभीर आरोप यह है कि दुकानदार दुकानदार संजीव गुप्ता ने ने पंखे के कंडेनसर का इस्तेमाल कर बच्चे को बिजली का झटका दिया। आरोप है कि पहले कंडेनसर को बिजली के सॉकेट में चार्ज किया गया और फिर बच्चे के हाथों और पैरों पर लगाया गया। करंट लगने के बाद बच्चा दर्द से जोर-जोर से चीखता और तड़पता दिखाई देता है। परिजनों का आरोप है कि इसके बावजूद आरोपी नहीं रुके और कई बार करंट लगाया गया। बचने के लिए भागा तो दोबारा पकड़कर की मारपीट परिवार का आरोप है कि एक बार बच्चा किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन दुकानदार के बेटे ने उसे दौड़कर पकड़ लिया। इसके बाद उसे लगातार थप्पड़ मारे गए, दुकान के अंदर फेंक दिया गया और फिर लात-घूंसों से पीटा गया। दुकानदार ने भी उसे उठाकर दोबारा जमीन पर पटक दिया और उसके ऊपर घुटनों के बल बैठकर मारपीट की। मां पहुंची तो उसके सामने भी नहीं छोड़ा मासूम घटना के दौरान बच्चे की मां मौके पर पहुंच गई। वायरल वीडियो में वह अपने बेटे को छुड़ाने का प्रयास करती दिखाई देती है। आरोप है कि मां के सामने ही दुकानदार ने बच्चे का हाथ मरोड़कर कमर के पीछे लगा दिया। मां लगातार बेटे को अपनी ओर खींचती रही, लेकिन आरोपी उसे नहीं छोड़ रहे थे। बच्चा लगातार रोता और मदद की गुहार लगाता रहा।
वायरल तीन वीडियो में क्या दिखाई दे रहा… पहले वीडियो में क्या दिखाई दे रहा है: करीब 1 मिनट 8 सेकंड के पहले वीडियो में बिजली दुकानदार संजीव गुप्ता ने और उसका बेटा 8 वर्षीय बच्चे को जमीन पर दबाकर रखते हुए दिखाई देते हैं। वीडियो में बच्चे के दोनों पैर जबरदस्ती मोड़े जाते हैं और हाथों को घुटनों के नीचे दबाकर प्रताड़ित किया जाता है। इसके बाद बच्चे के साथ मारपीट होती दिखाई देती है। इसी दौरान दुकानदार का बेटा दुकान में रखा पंखे का कंडेनसर बिजली के सॉकेट में लगाकर चार्ज करता हुआ नजर आता है। आरोप है कि इसके बाद बच्चे के हाथों और पैरों पर करंट लगाया जाता है। बच्चा दर्द से चीखता और तड़पता दिखाई देता है। बाद में जब बच्चा भागने की कोशिश करता है तो दुकानदार का बेटा उसे पकड़कर थप्पड़ मारता है, दुकान के अंदर फेंक देता है और फिर मारपीट जारी रहती है। दुकानदार भी बच्चे को उठाकर जमीन पर पटकता और उसके ऊपर घुटनों के बल बैठा हुआ दिखाई देता है। दूसरा वीडियो: करीब 7 सेकंड के दूसरे वीडियो में बच्चे की मां अपने बेटे को छुड़ाने के लिए मौके पर पहुंचती दिखाई देती है। वीडियो में वह लगातार बच्चे को अपनी ओर खींचकर छुड़ाने का प्रयास करती है। आरोप है कि इसी दौरान दुकानदार संजीव गुप्ता ने बच्चे का हाथ मरोड़कर उसकी कमर के पीछे लगा देता है। बच्चा दर्द से लगातार रोता और चीखता रहता है, जबकि उसकी मां बेबस होकर उसे बचाने की कोशिश करती नजर आती है। यह वीडियो मां की मौजूदगी में भी कथित प्रताड़ना जारी रहने का दावा करता है। तीसरा वीडियो: करीब 51 सेकंड के तीसरे वीडियो में बच्चे के साथ कथित प्रताड़ना जारी रहने का दृश्य दिखाई देता है। वीडियो में दुकानदार संजीव गुप्ता का बेटा दोबारा पंखे के कंडेनसर को बिजली के प्लग में लगाकर चार्ज करता हुआ नजर आता है। आरोप है कि इसके बाद फिर से बच्चे के शरीर पर करंट लगाया जाता है। वीडियो में बच्चा जोर-जोर से रोता, दर्द से तड़पता और खुद को बचाने की कोशिश करता दिखाई देता है, जबकि कथित तौर पर उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना जारी रहती है। यह वीडियो पूरे घटनाक्रम का अंतिम हिस्सा बताया जा रहा है। घटना को लेकर परिजन क्या बोले… पिता बोले- छोड़ने की गुहार लगाता रहा, लेकिन किसी ने नहीं सुनी: बच्चे के पिता ने बताया कि घटना के समय वह घर की छत पर था। तभी उसका बेटा रोते हुए ऊपर आया। वह तुरंत नीचे पहुंचा और दुकानदार से बच्चे को छोड़ने की गुहार लगाई, लेकिन आरोपी नहीं माने। पिता का आरोप है कि उनके सामने भी बच्चे की पिटाई की गई और उसे करंट लगाया गया। उन्होंने कहा कि उनके बेटे को शारीरिक और मानसिक दोनों तरह से प्रताड़ित किया गया। मां बोली- गलती थी तो हमें बुलाते, नुकसान भर देते: बच्चे की मां ने कहा कि यदि उसके बेटे से गलती हुई थी तो दुकानदार उन्हें बुलाकर बता सकता था। बैटरी का जो भी नुकसान हुआ था, वह उसकी भरपाई करने को तैयार थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके मासूम बेटे को इतनी बेरहमी से पीटा गया कि अब वह डर के कारण घर से बाहर निकलने की भी हिम्मत नहीं कर पा रहा है। महिला का कहना है कि उसके बेटे के मन में घटना का गहरा भय बैठ गया है। थाने में माफी मांगने और इलाज कराने की बात: महिला ने बताया कि घटना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची थी। बाद में दोनों पक्ष थाने पहुंचे, जहां दुकानदार ने कथित तौर पर माफी मांगी और बच्चे का इलाज कराने की बात कही। पिता कार्रवाई की मांग कर रहे थे, जबकि मां के अनुसार बाद में दोनों पक्षों के बीच माफीनामा और समझौता हो गया। वायरल वीडियो ने खड़े किए गंभीर सवाल: सोशल मीडिया पर वायरल हुए इन वीडियो ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। यदि बच्चे से गलती हुई भी थी तो कानून के अनुसार पुलिस को सूचना देना उचित तरीका था। चोरी के शक में किसी भी व्यक्ति, विशेषकर एक 8 वर्षीय मासूम, के साथ कथित तौर पर इस तरह की मारपीट और थर्ड डिग्री टॉर्चर के आरोपों ने कानून व्यवस्था, बाल अधिकारों और इंसानियत पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब इस पूरे मामले में पुलिस की कार्रवाई और जांच पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
Source link
सोनीपत में 8 साल के मासूम पर थर्ड डिग्री टॉर्चर:चोरी के शक में करंट लगाया; घुटने के नीचे दबाकर हाथ-पैर मरोड़कर पिटाई, पटक-पटक कर मारा







