सोनीपत में एक सड़क हादसे में 30 वर्षीय सहायक इंजीनियर विशाल कुमार की मौत हो गई। यह दुर्घटना बड़ी इंडस्ट्रियल एरिया स्थित फ्लाईओवर के पास हुई, जहां एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। पुलिस ने मृतक के छोटे भाई की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विशाल कुमार उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के पिलखनी गांव के निवासी थे। वह गन्नौर जीटी रोड (चौकी ढाणी के पास) स्थित एक्का इलेक्ट्रॉनिक (इंडिया) लिमिटेड में सहायक इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। घटना के समय विशाल अपनी ड्यूटी पूरी कर पल्सर बाइक से घर लौट रहे थे। राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल यह हादसा 10 अगस्त 2026 की शाम करीब 8:00 बजे हुआ। इंडस्ट्रियल एरिया बड़ी के गेट नंबर 02 के सामने बने फ्लाईओवर पर किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद राहगीरों और पुलिस की मदद से विशाल को तुरंत नागरिक अस्पताल सोनीपत ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे और शव की शिनाख्त की। छोटे भाई की शिकायत पर केस दर्ज बड़ी थाना पुलिस के एएसआई नरेश ने शवगृह में परिजनों के बयान दर्ज किए। मृतक के छोटे भाई हर्ष शर्मा की शिकायत के आधार पर, पुलिस ने 11 अगस्त को अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ धारा 281 और 106 BNS के तहत मामला दर्ज किया है। एएसआई नरेश ने बताया कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत पंचनामा भरकर शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और फरार वाहन की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है।
Source link
सोनीपत में गाड़ी की टक्कर से सहायक इंजीनियर की मौत:बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा, यूपी का रहने वाला, आरोपी ड्राइवर पर FIR
