![]()
सोनीपत नगर निगम के लिए नामांकन की प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई है। वहीं सोनीपत कांग्रेस कैंडिडेट कमल दीवान बुधवार 22 अप्रैल को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इसको लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
नामांकन से पहले सुबह 9:30 बजे सेक्टर-14 स्थित उनके कार्यालय में हवन-यज्ञ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें समर्थक और कार्यकर्ता भी शामिल होंगे।
इसके बाद कमल दीवान ने सभी समर्थकों के साथ कोर्ट के सामने हनुमान मंदिर पर इकत्रित होंगे और उसके बाद काफिले के साथ एडीसी ऑफिस के लिए रवाना होंगे और करीब 11 बजे अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।
इस दौरान उनके साथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र, सांसद दीपेंद्र हुड्डा, सांसद सतपाल ब्रह्मचारी, विधायक इंदुराज भालू सहित कई वरिष्ठ नेता और विधायक मौजूद रहेंगे।
10 मई को मतदान होगा, जबकि 13 मई को मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। जहां नामांकन के दौरान केवल 5 लोगों को एंट्री दी जाएगी। काफिले को 100 मीटर दूर बाहर ही रोक दिया जाएगा। इस बार चुनाव प्रक्रिया में कई अहम बदलाव भी देखने को मिलेंगे, जिनमें NOTA के नियमों में बदलाव और वीवीपैट का उपयोग न होना शामिल है। वहीं, मेयर का चुनाव सीधे जनता द्वारा किया जाएगा, जिससे मुकाबला और भी रोचक होने की उम्मीद है।
21 अप्रैल से नामांकन प्रक्रिया जारी सोनीपत नगर निगम चुनाव के लिए 21 अप्रैल से नामांकन प्रक्रिया जारी है। पहले दिन रमेश खत्री ने मेयर पद के लिए नामांकन भरा। उम्मीदवार निर्धारित तिथि तक अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे, जिसके बाद जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। NOTA रहेगा, लेकिन नतीजों पर असर नहीं इस बार चुनाव में NOTA (नोटा) का विकल्प तो रहेगा, लेकिन इसका चुनाव परिणामों पर कोई असर नहीं पड़ेगा। पहले जहां NOTA को सबसे ज्यादा वोट मिलने पर दोबारा चुनाव की स्थिति बनती थी, वहीं अब NOTA के वोट अलग रखकर सबसे ज्यादा वोट पाने वाले प्रत्याशी को विजेता घोषित किया जाएगा। कमल का परिवार लंबे समय से कांग्रेस के साथ कमल दीवान का जन्म 1973 में सोनीपत में हुआ। उन्होंने 11वीं तक पढ़ाई की है और वे पंजाबी हैं। वे दीवान चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष हैं। उनका परिवार लंबे समय से कांग्रेस पार्टी से जुड़ा है। उनके पिता स्व. देवराज दीवान विधायक रहे हैं। वे सोनीपत जिले में पार्टी के लिए काम करते थे। सोनीपत में लगभग 75 हजार पंजाबी वोटर हैं। अभी कमल दीवान कांग्रेस पार्टी के शहरी जिला अध्यक्ष हैं। वोटर संख्या में इजाफा, वार्ड बढ़े पिछले चुनाव में जहां करीब 2.94 लाख मतदाता थे, वहीं अब नई वोटर लिस्ट के अनुसार यह संख्या बढ़कर करीब 2.96 लाख हो गई है। इसमें पुरुष मतदाता लगभग 1.53 लाख, महिला मतदाता 1.40 लाख और अन्य मतदाता भी शामिल हैं। सोनीपत नगर निगम के कमिश्नर हर्षित कुमार ने बताया कि वार्डबंदी का कार्य पूरा हो चुका है और अब कुल 22 वार्ड बनाए गए हैं, जबकि पहले इनकी संख्या 20 थी। उन्होंने कहा कि बढ़ती जनसंख्या को ध्यान में रखते हुए दो नए वार्ड जोड़े गए हैं।
कमल दीवान क्या बोले… 12 साल बाद मजबूत संगठन का दावा: जिला अध्यक्ष कमल दीवान का कहना है कि करीब 12 साल बाद जिला स्तर पर संगठन को मजबूत रूप दिया गया है। सोनीपत में 31 ग्रामीण और 31 शहरी पदाधिकारियों की नियुक्ति कर कुल 62 लोगों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनका दावा है कि पार्टी लगातार मजबूत हो रही है और जनता का भरोसा कांग्रेस की ओर बढ़ रहा है। ब्लॉक से बूथ स्तर तक बनेगी टीम: कांग्रेस केवल निकाय चुनाव ही नहीं, बल्कि भविष्य की रणनीति को ध्यान में रखते हुए संगठन का विस्तार किया है। ब्लॉक अध्यक्ष, वार्ड अध्यक्ष और बूथ स्तर तक कमेटियों का गठन किया गया है। मंडल और बूथ कमेटियों को सक्रिय कर चुनावी प्रबंधन को मजबूत किया गया है ।
स्थानीय मुद्दों को लेकर नगर निगम चुनाव लड़ेंगे
सोनीपत नगर निगम चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी कमल दीवान ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए शहर के विकास को लेकर कई गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उपचुनाव के दौरान भाजपा द्वारा किए गए वादे आज तक अधूरे हैं, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। जनता के पैसे की लगातार बर्बादी हो रही: कमल दीवान का कहना है कि शहर में जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह फेल साबित हुई है, जिससे हर बारिश में कॉलोनियां जलभराव से जूझती हैं।कमल दीवान ने नगर निगम की नई बिल्डिंग पर खर्च हुए 58 करोड़ रुपये को भी मुद्दा बनाते हुए कहा कि जनता के पैसे की लगातार बर्बादी हो रही है, बावजूद इसके और बजट की मांग की जा रही है। मूलभूत सुविधा भी नहीं मिल रही: कमल दीवान ने आरोप लगाया कि शहर की सड़कों का बार-बार निर्माण होने के बावजूद उनका गड्ढों में तब्दील होना सीधे तौर पर भ्रष्टाचार की ओर इशारा करता है।उन्होंने आगे कहा कि सीवर जाम, गंदे पेयजल की समस्या, कूड़ा प्रबंधन की कमी, स्ट्रीट लाइटों का अभाव और वैध कॉलोनियों में बुनियादी सुविधाओं की कमी जैसे मुद्दों से जनता त्रस्त है। 100 दिनों के भीतर शहर में बदलाव नजर आएंगे:कमल दीवान ने भरोसा दिलाया कि यदि जनता उन्हें मौका देती है, तो 100 दिनों के भीतर शहर में बदलाव नजर आने लगेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विकास और पारदर्शिता की राजनीति करती है, और इस बार सोनीपत की जनता भाजपा को वोट की चोट से जवाब देने के लिए तैयार है।
Source link
सोनीपत कांग्रेस मेयर प्रत्याशी कमल दीवान आज भरेंगे नामांकन:राव नरेंद्र व दीपेन्द्र होंगे शामिल; कार्यालय में हवन-यज्ञ होगा







