![]()
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सिख समाज के योगदान और बलिदानों को याद करते हुए कहा कि देश को सिख गुरुओं और सिख समुदाय की वीरता पर गर्व है। हरियाणा निवास में आयोजित एक धन्यवाद समारोह में मुख्यमंत्री ने सिख समाज के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए केंद्र और राज्य सरकार द्वारा किए गए विभिन्न कार्यों का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिख गुरुओं ने देश को सेवा, त्याग, समानता और साहस का मार्ग दिखाया। उन्होंने विशेष रूप से गुरु तेग बहादुर, गुरु गोबिंद सिंह और साहिबजादों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनकी कुर्बानियां भारतीय इतिहास की अमूल्य धरोहर हैं। CM ने PM के कामों को गिनाया कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सिख विरासत के संरक्षण के लिए किए गए कदमों का भी उल्लेख किया। उन्होंने करतारपुर कॉरिडोर, वीर बाल दिवस और सिख धार्मिक स्थलों के विकास से जुड़ी परियोजनाओं को सरकार की प्रमुख उपलब्धियां बताया। नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार भी सिख गुरुओं के सम्मान में कई महत्वपूर्ण फैसले ले चुकी है। यमुनानगर में बन रहे मेडिकल कॉलेज और अंबाला के सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज का नाम गुरु तेग बहादुर के नाम पर रखा गया है। इसके अलावा कई सड़कों, शिक्षण संस्थानों और स्मारकों को भी सिख इतिहास से जुड़े महापुरुषों के नाम समर्पित किया गया है। गुरु दर्शन योजना का किया जिक्र मुख्यमंत्री ने ‘स्वर्ण जयंती गुरु दर्शन यात्रा योजना’ का जिक्र करते हुए कहा कि इसके माध्यम से श्रद्धालुओं को विभिन्न प्रमुख सिख तीर्थ स्थलों की यात्रा के लिए आर्थिक सहायता दी जा रही है। हजूर साहिब, पटना साहिब, हेमकुंड साहिब और ननकाना साहिब जैसे धार्मिक स्थलों के लिए सुविधाएं बढ़ाई गई हैं तथा विशेष ट्रेनें भी चलाई गई हैं। हरियाणा में सिख क्षेत्रों में विकास जारी राजनीतिक दृष्टि से भी मुख्यमंत्री का यह कार्यक्रम महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हरियाणा में सिख आबादी वाले क्षेत्रों, विशेषकर अंबाला, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, कैथल और सिरसा बेल्ट में भाजपा लगातार अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है। ऐसे में सिख संगत के मंच से मुख्यमंत्री द्वारा सिख समाज के योगदान और सरकार की योजनाओं का उल्लेख आगामी समय के लिए एक महत्वपूर्ण राजनीतिक संदेश के रूप में भी देखा जा रहा है। कार्यक्रम में सिख संगत की ओर से मुख्यमंत्री को कृपाण और सरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कई सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
Source link
सिख संगत का हरियाणा CM का शुकराना कार्यक्रम:सैनी बोले-सरकार सिखों के साथ; गुरुओं ने सेवा, समानता और साहस का मार्ग दिखाया







