Related Posts

लुधियाना में BJP का अनोखा प्रदर्शन:जोन-D में खुद ही लगा ली जनरल हाउस की मीटिंग, मेयर और कमिश्नर की लगाई खाली कुर्सियां




नगर निगम की बैठकों में अपनी आवाज दबाए जाने और वार्डों में विकास कार्य ठप होने से नाराज भाजपा पार्षदों ने लुधियाना के जोन-डी कार्यालय में शक्ति प्रदर्शन किया। भाजपा पार्षदों ने निगम की आधिकारिक बैठक से अलग अपनी समानांतर ‘जनरल हाउस’ बैठक आयोजित की। उन्होंने अपने-अपने वार्डों की समस्याएं खुलकर उठाईं और निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली पर निशाना साधा। बैठक की सबसे खास बात यह रही कि इसमें नगर निगम के मेयर और कमिश्नर के लिए विशेष रूप से कुर्सियां लगाई गई थीं, लेकिन वे खाली रहीं। इन कुर्सियों को निगम अधिकारियों की गैर-मौजूदगी और पार्षदों की अनदेखी के प्रतीक के तौर पर पेश किया गया। पूरी बैठक सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित की गई और इसकी शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई। ‘वार्डों में नहीं हो रहा कोई काम’ इस अनोखी जनरल हाउस बैठक में भाजपा के सभी पार्षदों ने बारी-बारी से अपने-अपने वार्डों का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके वार्डों में विकास कार्य पूरी तरह ठप हैं। बैठक में पेयजल संकट, सीवरेज व्यवस्था, साफ-सफाई की बदहाल स्थिति और स्ट्रीट लाइटों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। पार्षदों का कहना था कि जनता उनसे जवाब मांगती है, लेकिन निगम अधिकारी उनकी शिकायतों और मांगों पर कोई ध्यान नहीं देते। जिला प्रधान बोले- मजबूरी में उठाना पड़ा यह कदम इस मुद्दे पर भाजपा के जिला प्रधान सुनील मौदगिल ने कड़ा रोष जताते हुए कहा कि नगर निगम की बैठकों में विपक्ष की आवाज दबाई जा रही है। उनकी बात न तो पूरी सुनी जाती है और न ही वार्डों की समस्याओं के समाधान के लिए कोई ठोस कदम उठाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि निगम के इसी तानाशाही रवैये के कारण भाजपा पार्षदों को जोन-डी कार्यालय में अलग से यह बैठक आयोजित करने के लिए मजबूर होना पड़ा। पार्षदों ने ली राहत की सांस, आगे की रणनीति तय अपनी ओर से आयोजित इस बैठक के बाद भाजपा पार्षदों के चेहरों पर संतुष्टि नजर आई। पार्षदों ने कहा कि कम से कम यहां सभी को अपनी बात पूरी तरह रखने का अवसर मिला। हर पार्षद को अपने वार्ड की समस्याएं विस्तार से रखने के लिए पर्याप्त समय दिया गया। भाजपा ने स्पष्ट किया कि उनका विरोध यहीं नहीं रुकेगा हालांकि, भाजपा ने स्पष्ट किया कि उनका विरोध यहीं नहीं रुकेगा। पार्षदों ने चेतावनी दी कि वे इन जनसमस्याओं और नगर निगम की कथित नाकामियों का मुद्दा आगामी आधिकारिक निगम बैठक में भी पूरे जोर-शोर से उठाएंगे और प्रशासन से जवाब मांगेंगे।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें