यमुनानगर में जगाधरी में एक ई-रिक्शा चालक को तय किराया मांगना उस समय महंगा पड़ गया, जब दो महिलाओं के साथ उसका विवाद हिंसक झगड़े में बदल गया। आरोप है कि किराये के 250 रुपये मांगने पर महिलाओं ने पहले बहस की और फिर सरेराह हमला कर दिया। इस दौरान एक महिला ने चालक को पकड़ लिया, जबकि दूसरी ने सड़क पर पड़ी ईंट उठाकर उसकी नाक पर दे मारी। हमले में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी नाक में फ्रैक्चर आ गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, घायल को अस्पताल में भर्ती कराया और दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। इंतजार करने का बोलकर वापिस नहीं आईं जगाधरी निवासी सतनाम सिंह ने बताया कि वह जगाधरी बस स्टैंड से ई-रिक्शा चलाता है। करीब एक-दो दिन पहले बस स्टैंड के बाहर उसके पास दो महिलाएं आईं, जिनकी उम्र करीब 20 और 30 साल थी। महिलाओं ने रेलवे स्टेशन से आगे नए पुल के पास जाने के लिए स्पेशल ई-रिक्शा बुक किया। दोनों पक्षों के बीच 250 रुपये किराया तय हुआ था। सतनाम सिंह के अनुसार, रास्ते में रामपुरा के पास महिलाओं ने ई-रिक्शा रुकवाया और थोड़ी देर में वापस आने की बात कहकर चली गईं। वह काफी देर तक उनका इंतजार करता रहा, लेकिन दोनों महिलाएं वापस नहीं लौटीं। इसके बाद वह वहां से लौट आया। एक ने पकड़ा दूसरी ने ईंट मारी पीड़ित का आरोप है कि बुधवार बीती देर रात वह ई-रिक्शा चला रहा था, तभी अग्रसेन चौक के पास उसे वही दोनों महिलाएं दिखाई दीं। वह उनसे 250 रुपये किराये की मांग करने पहुंचा। इस पर महिलाओं ने किराया देने से इनकार कर दिया। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने बीच-बचाव करते हुए महिलाओं से कम से कम 150 रुपये देने की बात कही, जिस पर चालक भी राजी हो गया। सतनाम सिंह ने बताया कि इसी दौरान विवाद बढ़ गया और महिलाएं उससे झगड़ने लगीं। उसने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि पुलिस के पहुंचने से पहले एक महिला ने उसे पकड़ लिया, जबकि दूसरी महिला ने सड़क पर पड़ी ईंट उठाकर उसके मुंह पर दे मारी। ईंट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके चेहरे से खून बहने लगा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को अस्पताल में भर्ती कराया। मेडिकल जांच में उसकी नाक में फ्रैक्चर होने की पुष्टि हुई है। सतनाम ने बताया कि पुलिस उक्त महिलाओं को पकड़कर अपने साथ ले गई।
Source link
यमुनानगर में किराया मांगने पर ई-रिक्शा चालक पर हमला:महिलाओं ने ईंट मारकर तोड़ी नाक, ₹250 में रेलवे स्टेशन के लिए बुक किया था रिक्शा
