![]()
मोहाली के लालड़ू में चंडीगढ़-अंबाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित सैणी मार्केट में पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के एक बंद पड़े एटीएम में अचानक आग लग गई। यह एटीएम पिछले छह महीने से बंद था और इसमें कोई नकदी मौजूद नहीं थी, जिसके कारण एक बड़ा आर्थिक नुकसान टल गया। जानकारी के अनुसार, आग एटीएम के अंदर लगे एयर कंडीशनर में तकनीकी खराबी के कारण लगी। घटना के समय बैंक कर्मचारियों ने एटीएम कक्ष से धुआं निकलते देखा। उन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए अग्निशमन सिलेंडरों की मदद से आग पर काबू पा लिया कर्मचारियों की तत्परता के चलते आग बैंक भवन या आसपास की दुकानों तक नहीं फैल सकी। स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि सैणी मार्केट जैसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र में आग फैलने से कई दुकानों और प्रतिष्ठानों को भारी नुकसान हो सकता था। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है आग से एटीएम मशीन, उसकी वायरिंग और अन्य उपकरणों को क्षति पहुंची है। बैंक प्रबंधन ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है, जबकि एक तकनीकी टीम आग लगने के सटीक कारणों की जांच कर रही है। इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है और स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है। इस घटना ने एक बार फिर बैंकों और अन्य व्यावसायिक संस्थानों में लगे विद्युत उपकरणों की नियमित जांच और रखरखाव की आवश्यकता को उजागर किया है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
Source link
मोहाली में बंद पीएनबी एटीएम में लगी आग:छह महीने से बंद था एटीएम, कर्मचारियों की सतर्कता से टला बड़ा नुकसान







