![]()
महेंद्रगढ़ में भारत विकास परिषद शाखा ने रविवार को श्री गोपाल गोशाला, बुचियावाली में एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया। यह शिविर परिषद के सदस्य नवीन राव के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था। शाखा अध्यक्ष रतनलाल माधोगढ़िया ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस रक्तदान शिविर में युवाओं और अन्य रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। नगर के कई गणमान्य नागरिकों और भारत विकास परिषद के सदस्यों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया। 103 यूनिट रक्त एकत्रित किया नारनौल रेड क्रॉस की टीम ने शिविर में कुल 103 यूनिट रक्त एकत्रित किया। परिषद के पदाधिकारियों ने सभी रक्तदाताओं और रेड क्रॉस की टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और यह कई जरूरतमंद लोगों का जीवन बचा सकता है। पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ सभी रक्तदाताओं को पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया। परिषद के पदाधिकारियों ने बताया कि भारत विकास परिषद शाखा महेंद्रगढ़ अपने सदस्यों के जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ और अन्य शुभ अवसरों को समाज सेवा से जोड़ने का निरंतर प्रयास करती है। इसी क्रम में समय-समय पर रक्तदान शिविर, गौसेवा, स्वास्थ्य शिविर और अन्य सेवा कार्य आयोजित किए जाते हैं। गौशाला में गौ माता को हरा चारा खिलाकर सेवा की कार्यक्रम के समापन पर गौशाला में गौ माता को हरा चारा खिलाकर गौ सेवा भी की गई। कार्यक्रम के मुख्य प्रेरणास्रोत नवीन राव ने कहा कि उनके जन्मदिन को रक्तदान जैसे नेक कार्य के माध्यम से मनाना उनके लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने रक्तदाताओं, रेड क्रॉस की टीम और कार्यक्रम को सफल बनाने वाले सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। परिषद के सदस्यों और उपस्थित रक्तदाताओं ने नवीन राव को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
Source link
महेंद्रगढ़ में भारत विकास परिषद का रक्तदान शिविर:103 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ, रक्तदाताओं को पौधे भेंट कर किया सम्मानित







