spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

महेंद्रगढ़ में नम आंखों से नौसेना-जवान को दी विदाई:मुंबई में ड्यूटी के दौरान हुआ निधन; सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार




हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिला के गांव गाहड़ा निवासी भारतीय नौसेना के जवान रविकांत का ड्यूटी के दौरान निधन हो गया। शुक्रवार को उनका पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। गांव में तिरंगा जुलूस भी निकाला गया। जिसमें आसपास के ग्रामीणों ने अंतिम विदाई दी। 29 वर्षीय रविकांत भारतीय नौसेना में एल.कॉम (टेलीग्राफिस्ट) के पद पर कार्यरत थे। वर्ष 2016 में नौसेना में भर्ती होकर उन्होंने देश सेवा का संकल्प लिया था। वर्तमान में उनकी तैनाती मुंबई में थी, जहां ड्यूटी के दौरान उनका निधन हो गया। निधन के कारणों का अभी आधिकारिक रूप से खुलासा नहीं हुआ है। 2023 में हुई थी शादी सरपंच प्रतिनिधि श्रीपाल यादव ने बताया कि रविकांत का विवाह वर्ष 2023 में हुआ था और उनकी पत्नी मुंबई में उनके साथ ही रहती थीं। कुछ समय पूर्व उनका तबादला दिल्ली से मुंबई हुआ था। वह अंतिम बार सरसों की कटाई के दौरान छुट्टी लेकर गांव आए थे। उस दौरान उन्होंने अपने पिता के साथ खेतों में काम किया और परिवार के साथ समय बिताने के बाद वापस ड्यूटी पर लौट गए थे। माता-पिता का इकलौते बेटा रविकांत अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। उनकी बहन सुषमा चंडीगढ़ पुलिस में कार्यरत हैं। बेटे के निधन से पिता जगदीश और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अंतिम दर्शन के दौरान पिता बार-बार बेटे को याद कर बिलखते रहे, जिससे वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। सैन्य सम्मान से हुआ अंतिम संस्कार ग्रामीणों ने बताया कि रविकांत शांत, अनुशासित और मिलनसार स्वभाव के थे। भारतीय नौसेना के अधिकारियों की मौजूदगी में उनका सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। नेवी से आए लेफ्टिनेंट कमांडर विवेक राय के निर्देशन में सैन्य परंपराओं के अनुसार अंतिम विदाई दी गई। रविकांत को उनके चचेरे भाई सुधीर ने मुखाग्नि दी। अनेक लोग रहे मौजूद इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों, गणमान्य नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उपस्थित लोगों ने कहा कि रविकांत का राष्ट्रप्रेम, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भाव हमेशा युवाओं के लिए प्रेरणा बना रहेगा। गांव गाहड़ा अपने इस वीर सपूत पर सदैव गर्व करता रहेगा।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

Popular Articles