![]()
भिवानी जिले में सिवानी के मोतीपुरा में एक पेट्रोल पंप पर शनिवार को हुए सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो सगे भाई और उनका भांजा शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, गांव झुंपा निवासी कालूराम, मंगाराम और उनका भांजा सुनील निवासी सिधनवा अपनी मोटरसाइकिल के साथ मोतीपुरा स्थित पेट्रोल पंप पर खड़े थे। इसी दौरान एक ट्रक ड्राइवर वाहन को पीछे कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शी बोले- ड्राइवर ने नहीं दिया ध्यान प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक ड्राइवर ने पीछे खड़े इन तीनों लोगों पर ध्यान नहीं दिया और ट्रक सीधे उन पर चढ़ गया। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने निजी वाहनों और एम्बुलेंस की मदद से घायलों को सिवानी के अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने सुनील और मंगाराम को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल कालूराम की हालत नाजुक होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हिसार रेफर किया गया। हिसार में उपचार के दौरान कालूराम ने भी दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंचे। गांव झुंपा में तीनों की मौत की खबर से गम का माहौल छा गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लिया, केस दर्ज सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और ट्रक को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि दुर्घटना के सही कारणों का पता चल सके।
Source link
भिवानी में ट्रक ने तीन लोगों को कुचला:दो सगे भाइयों और भांजे की मौत, सिवानी में पेट्रोल पंप पर खड़े थे







