![]()
पूर्व राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने महम स्थित अपने आवास पर भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से वार्ता करते हुए बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 25 जून को रोहतक पहुंचेंगे। जांगड़ा ने बताया कि भाजपा 25 जून को ‘काला अध्याय’ के रूप में मनाती है। इसी दिन तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने देश में आपातकाल लागू किया था। इस दौरान जनता पर अत्याचार हुए थे और कई लोगों, जिनमें भाजपा नेता भी शामिल थे, को जेलों में बंद कर दिया गया था। जनता को गुमराह कर रही कांग्रेस : जांगड़ा उन्होंने कांग्रेस पर संविधान को लेकर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। जांगड़ा ने कहा कि राहुल गांधी एक खाली पन्नों वाली किताब दिखाते हैं, जिस पर ‘भारतीय संविधान’ लिखा होता है, और कहते हैं कि संविधान खतरे में है। उन्होंने सवाल उठाया कि कांग्रेस 25 जून 1975 को इंदिरा गांधी द्वारा लगाए गए आपातकाल का जिक्र क्यों नहीं करती। जांगड़ा ने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे कल रोहतक स्थित एमडीयू में राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम में शामिल हों। इस कार्यक्रम में आपातकाल के दौरान पीड़ित रहे लोगों को भी बुलाया जाएगा और उनके विचारों को साझा किया जाएगा।
Source link
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन कल रोहतक पहुंचेंगे:काला अध्याय कार्यक्रम में होंगे शामिल, पूर्व सांसद जांगड़ा बोले- इसी दिन आपातकाल लागू किया







