![]()
फरीदाबाद के धौज गांव में कुछ दिनों पहले हुए विवाद के समझौते के बाद दोबारा मारपीट का मामला सामने आया है। इस हमले में महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। पीड़ित परिवार का आरोप है कि महिलाओं के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने को लेकर हुए झगड़े का थाने में समझौता हो गया था, लेकिन इसके बावजूद दूसरे पक्ष के लोगों ने रंजिश रखते हुए दोबारा हमला कर दिया। इस हमले में एक 20 वर्षीय युवक समेत दो लोग घायल हो गए। घायल युवक का बायां हाथ टूट गया है। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। धौज गांव निवासी विजय सैनी और उनकी पत्नी विमला ने बताया कि 27 जून की शाम वह उस स्थान पर जा रही थीं, जहां उनकी भैंसें बंधी हुई थीं। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद कुछ युवकों ने उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और हाथापाई हो गई। मामला थाना धौज पहुंचा, जहां पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया और सभी अपने-अपने घर लौट गए। पड़ोसी लाठी-डंडे लेकर पहुंचे, किया हमला पीड़ित परिवार के अनुसार, 30 जून को उनका बेटा नीरज भैंसों के पास खाट पर बैठा हुआ था। तभी पड़ोस में रहने वाले कुछ लोग लाठी-डंडे लेकर वहां पहुंचे और उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। नीरज की मां विमला जब उसे बचाने के लिए मौके पर पहुंचीं तो उनके साथ भी मारपीट की गई। विमला का आरोप है कि अफसर नाम का व्यक्ति उनके बेटे को डंडे से पीट रहा था। जब उन्होंने बीच-बचाव किया तो उन्हें भी नहीं छोड़ा गया। विमला ने घर जाकर पूरी घटना अपने पति विजय सैनी को बताई। हमले में टूटा युवक का हाथ इसके बाद विजय मौके पर पहुंचे तो आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने उनके साथ भी लाठी-डंडों से हमला कर दिया। विजय ने बताया कि उन पर तार बंधे डंडे से हमला किया गया, जिससे उनकी पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं। वहीं, नीरज का बायां हाथ टूट गया और उसके शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई हैं। विमला भी इस हमले में घायल हुई हैं। विजय सैनी ने आरोप लगाया कि हमला करने वालों में अफसर, उसकी पत्नी मकसूदन और उनके साथ आए दो-तीन अन्य लोग शामिल थे। उनका कहना है कि मामूली विवाद की रंजिश में उनके परिवार पर दोबारा हमला किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद भी उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। आरोपियों के खिलाफ होगी कार्रवाई : पुलिस प्रवक्ता पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि 30 जून को थाना धौज में पड़ोसियों के बीच मारपीट की शिकायत मिली थी। घटना में तीन लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है। शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
फरीदाबाद में पड़ोसियों ने किया परिवार पर हमला:तीन लोग घायल, कुछ दिन पहले ही हुआ था समझौता, महिलाओं के साथ अभद्रता को लेकर विवाद







