फतेहाबाद जिले में रतिया के सरदूलगढ़ रोड स्थित रताखेड़ा माइनर में मंगलवार शाम नहाते समय एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान पंजाब के मानसा जिले के गांव रयोंद कला निवासी 22 वर्षीय मनप्रीत सिंह के रूप में हुई है। उसका शव डूबने के स्थान से कुछ किलोमीटर आगे तामसपुरा-हड़ोली गांव के पास नहर से बरामद किया गया। जानकारी के अनुसार, मनप्रीत सिंह अपने 27 वर्षीय दोस्त जसविंदर सिंह के साथ किसी काम से रतिया आया था। दोपहर में अधिक गर्मी होने के कारण दोनों दोस्त सरदूलगढ़ रोड स्थित रताखेड़ा माइनर में नहाने चले गए। नहर में अचानक गायब हुआ युवक जसविंदर सिंह ने बताया कि वे दोनों नहर में नहा रहे थे, तभी कुछ समय बाद मनप्रीत दिखाई नहीं दिया। उसने काफी देर तक मनप्रीत की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद वह अकेला अपने गांव लौट गया और मनप्रीत के परिजनों को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही मनप्रीत के परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस हेल्पलाइन 112 पर जानकारी दी। परिजनों ने स्थानीय लोगों की मदद से नहर में तलाश शुरू की। तलाश के दौरान मनप्रीत सिंह का शव तामसपुरा-हड़ोली गांव के पास नहर में मिला। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Source link
फतेहाबाद में नहर में डूबने से युवक की मौत:पंजाब का रहने वाला, दोस्त के साथ नहाने गया, तामसपुरा-हड़ोली गांव के पास मिला शव
