![]()
हरियाणा के पंचायत एवं विकास मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने आज पानीपत जिले में 10 करोड़ रुपए की लागत से बने एमआरआई सेंटर का उद्घाटन किया। यह सेंटर पानीपत के नागरिक अस्पताल में स्थापित किया गया है। साथ ही उन्होंने जिले के विभिन्न गांवों में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) और सहायक स्वास्थ्य केंद्र (एएचसी) का भी उद्घाटन किया। मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने नागरिक अस्पताल पानीपत में एमआरआई सेंटर का उद्घाटन किया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने सिंक, काबड़ी, परढाना, पाथरी, शाहपुर, खोजकीपुर और भाउपुर गांवों में पीएचसी और एएचसी केंद्रों का भी लोकार्पण किया। आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना उद्देश्य इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक तक आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि जिले में आयुष्मान भारत योजना के तहत 88 अस्पताल सूचीबद्ध किए गए हैं, जिनमें 24 सरकारी और 64 निजी अस्पताल शामिल हैं। पानीपत जिले में 7 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड धारक हैं। देश में डॉक्टरों की संख्या बढ़ाना लक्ष्य स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए हरियाणा सरकार ने एमबीबीएस सीटों की संख्या 1800-2000 से बढ़ाकर 5 हजार कर दी है। इसका लक्ष्य देश में डॉक्टरों की संख्या बढ़ाना और यह सुनिश्चित करना है कि स्वास्थ्य सेवाएं हर गरीब व्यक्ति तक पहुंच सकें। 2200 तालाबों का सौंदर्यीकरण किया जा रहा मंत्री ने अन्य विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा में 2200 तालाबों का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है, जहां लाइटें और पार्क की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा प्रत्येक गांव से ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से कूड़ा उठाकर डंपिंग साइट पर डाला जा रहा है, ताकि स्वच्छता व्यवस्था बनी रहे। ओपीडी में मरीजों से की बातचीत अंत में मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने नागरिक अस्पताल पानीपत का निरीक्षण किया। उन्होंने ओपीडी में मरीजों से बातचीत की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीजों की देखभाल में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। इस दौरान सीएमओ विजय मलिक, मेयर कोमल सैनी, एसडीएम मनदीप कुमार और नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त विवेक चौधरी भी उपस्थित थे।
Source link
पानीपत में 10 करोड़ का MRI सेंटर शुरू:मंत्री कृष्ण लाल पवार ने किया उद्घाटन; लोगों तक आधुनिक इलाज पहुंचाना लक्ष्य







