![]()
पानीपत पुलिस की CIA-2 टीम ने असंध रोड पर सेंट मैरी स्कूल के पास नाकेबंदी के दौरान एक युवक को अवैध हथियार सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांव वैसर निवासी साहिल के रूप में हुई है, जिसके पास से पुलिस ने एक लोडिड देसी पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किया है। शुक्रवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। CIA-2 प्रभारी इंस्पेक्टर विरेंद्र ने बताया कि गुरुवार देर शाम पुलिस टीम गश्त पर असंध रोड पर मौजूद थी। इसी दौरान सेंट मैरी स्कूल के पास पानीपत की ओर से एक युवक पैदल आता दिखाई दिया। सामने पुलिस की टीम को खड़ा देख युवक घबरा गया और एकदम पीछे मुड़कर तेज कदमों से भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने शक होने पर उसे काबू कर लिया। जेब में छिपा रखा थी लोडिड पिस्तौल पकड़े गए युवक साहिल की जब मौके पर तलाशी ली गई, तो उसकी पैंट की जेब से एक देसी पिस्तौल बरामद हुआ। जब पुलिस ने पिस्तौल की जांच की, तो वह लोडिड पाया गया। उसे अनलोड करने पर अंदर से एक जिंदा कारतूस (रौंद) बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत हथियार को कब्जे में लेकर आरोपी को हिरासत में ले लिया। हरिद्वार ले 7 हजार में खरीदा अवैध हथियार शुरुआती पूछताछ में आरोपी साहिल ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि वह करीब एक महीना पहले हरिद्वार गया था, जहां उसने जुनैद नाम के एक युवक से यह देसी पिस्तौल और कारतूस मात्र 7 हजार रुपए में खरीदे थे। तब से वह धौंस जमाने या किसी अन्य मकसद से इस अवैध हथियार को अपने साथ लेकर घूम रहा था। दो केस पहले से दर्ज, जमानत पर बाहर इंस्पेक्टर विरेंद्र के अनुसार, साहिल का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उस पर पहले भी लड़ाई-झगड़े के दो गंभीर केस दर्ज हैं। वह इन मामलों में फिलहाल कोर्ट से जमानत पर बाहर चल रहा था, लेकिन जेल से आने के बाद भी उसने अपराध का रास्ता नहीं छोड़ा।
Source link
पानीपत में अवैध हथियार सहित युवक गिरफ्तार:पिस्तौल और कारतूस बरामद; हरिद्वार से 7 हजार में खरीदा, 2 केस पहले से दर्ज







