Related Posts

पाकिस्तान में गैंगस्टर उजैर बलोच के भाई पर हमला:ल्यारी में अज्ञात हमलावरों ने घर के बाहर गोली मारी, हालत गंभीर




पाकिस्तान के कराची में जेल में बंद गैंगस्टर उजैर बलोच के भाई जुबैर बलोच पर गुरुवार शाम अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी। यह घटना कराची के लियारी इलाके में उनके घर के बाहर हुई। हमले में जुबैर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस के अनुसार, बाइक सवार हमलावरों ने 40 वर्षीय जुबैर पर गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। इस हमले में जुबैर के साथ दो राहगीर भी घायल हुए हैं। तीनों को कराची के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां जुबैर के सीने और पेट में लगी गोलियों के लिए उनकी सर्जरी की गई। अस्पताल के अनुसार, घायलों में से एक राहगीर की हालत भी गंभीर बनी हुई है। गैंगवार और पुरानी रंजिश की जांच साउथ के डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (DIG) सैयद असद रजा ने बताया कि जुबैर 2012 में सात आपराधिक मामलों में गिरफ्तार हुआ था और जनवरी 2025 में ही जेल से रिहा होकर बाहर आया था। पुलिस इस मामले की जांच गैंगवार, आपसी रंजिश और अन्य संभावित कारणों से कर रही है। पुलिस ने अभी किसी भी मकसद को खारिज नहीं किया है। इलाके में गैंगवार फिर से शुरू होने की चर्चा लियारी के एक सामाजिक कार्यकर्ता ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि जुबैर ने हाल ही में एक राजनीतिक पार्टी जॉइन की थी और कुछ महीने पहले इलाके में पार्टी के झंडे भी लगाए थे। कार्यकर्ता ने यह भी दावा किया कि लियारी में ऐसी चर्चाएं हैं कि कराची ऑपरेशन के दौरान दुबई और ईरान भाग गए कई गैंगस्टर वापस लौट आए हैं। इससे स्थानीय लोगों में गैंगवार के फिर से शुरू होने का डर पैदा हो गया है। उजैर बलोच पर कई गंभीर मामले दर्ज उजैर बलोच कभी कराची के सबसे प्रभावशाली गैंग लीडर्स में गिना जाता था और फिलहाल जेल में बंद है। इस साल मार्च में एक आतंकवाद विरोधी अदालत ने हत्या, पुलिस मुठभेड़ और विस्फोटक रखने से जुड़े सात मामलों में उसकी जमानत याचिकाएं खारिज कर दी थीं। उजैर और अन्य पर 2012 में कलाकोट पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में सुरक्षा बलों पर हथियारों और विस्फोटकों से हमला करने का आरोप है। अप्रैल 2020 में एक सैन्य अदालत ने उजैर को जासूसी का दोषी ठहराते हुए 12 साल की सजा सुनाई थी।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें