![]()
पठानकोट के गांव जंडवाल से सैर करने निकले चार बच्चे लापता हो गए थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें चक्की खड्ड से सुरक्षित बरामद कर लिया है। बच्चों की उम्र लगभग 13 से 14 वर्ष बताई जा रही है। बच्चों के बरामद होने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली। लापता बच्चों में तीन बगार गांव के और एक जंडवाल गांव का निवासी है। जानकारी के अनुसार, बच्चे सुबह करीब 5 बजे घर से सैर के लिए निकले थे। जब वे काफी देर तक वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। कोई सुराग न मिलने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने थाना मामून कैंट में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही थाना मामून कैंट की प्रभारी प्रीति ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। सीसीटीवी से बच्चों तक पहुंची पुलिस पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और बच्चों की तलाश तेज कर दी। जांच के दौरान, सीसीटीवी फुटेज में बच्चे चक्की खड्ड की ओर जाते हुए दिखाई दिए। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची, जहां चारों बच्चे पानी में नहाते हुए मिले। पुलिस ने चारों बच्चों को सुरक्षित बरामद कर उनके परिजनों को सौंप दिया। गहरी खड्ड में हो सकता है हादसा, बच्चों पर रखें ध्यान थाना प्रभारी ने अभिभावकों से अपील की है कि छुट्टियों के दौरान बच्चे अक्सर घर से बाहर खेलने या नहरों व खड्डों में नहाने चले जाते हैं। ऐसे में माता-पिता अपने बच्चों पर विशेष ध्यान रखें और उन्हें खतरनाक जगहों पर जाने से रोकें, क्योंकि बच्चों को पानी की गहराई का अंदाजा नहीं होता। इससे बड़ा हादसा हो सकता है।
Source link
पठानकोट में सैर पर निकले चार बच्चे लापता:सीसीटीवी फुटेज से बच्चों तक पहुंची, खड्ड में नहाते हुए मिले, सभी सुरक्षित बरामद







