पंजाब में कमर्शियल सिलेंडर के दाम में इजाफा हुआ है। 19 किलो वाले सिलेंडर का रेट 1 हजार रुपए तक बढ़ाए गए हैं। हिंदुस्तान पेट्रोलियम के जालंधर स्थित गैस एजेंसी कर्मियों ने बताया कि सुबह ही रेट रिवाइज हुए हैं। 19 किलो का HP का रेगुलर कमर्शियल सिलेंडर 2,190 की जगह अब 3,190 रुपए में मिलेगा। इसी तरह इंडियन ऑयल की तरफ से दी गई जानकारी में बताया गया कि इंडेन का 19 किलोग्राम वाला सिलेंडर पर 993 रुपए महंगा मिलेगा। राजधानी दिल्ली में अब यह सिलेंडर 3071.50 रुपए का हो गया है, जो पहले 2078.50 रुपए में मिलता था। उधर, लुधियाना में रेगुलर कमर्शियल सिलेंडर की 2100 रुपए कीमत थी जो बढ़कर 3092 रुपए हो गई। चंडीगढ़ में अब कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत 3092 रुपए हो जाएगी। पहले 2100 रुपए का था। बता दें कि कमर्शियल सिलेंडर तीन तरह के होते हैं- 19 किलोग्राम रेगुलर, 19 किलोग्राम एक्स्ट्रा तेज, तीसरा 19 किलोग्राम नैनो कट। सभी के रेट में बढ़ोतरी हुई है। गैस सिलेंडर के दाम में बढ़ोतरी का सबसे बड़ा असर होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग बिजनेस पर पड़ेगा। बढ़ती लागत के कारण खाने-पीने की चीजें महंगी हो सकती हैं। चाय, नाश्ता, थाली और शादी-विवाह के खाने का खर्च बढ़ना भी लगभग तय माना जा रहा है। 15 दिन में दूसरी बार रेट बढ़ाएंगे ढाबा मालिक पंजाब में ढाबा मालिक पहले ही कमर्शियल सिलेंडर की किल्लत और फिर 65 रुपए रेट बढ़ने के बाद से खाने-पीने के सामान के रेट बढ़ा चुके हैं। तंदूरी रोटी जहां 2 रुपए महंगी की गई थी तो वहीं दाल के रेट भी 5 से 10 रुपए प्लेट बढ़ाए गए। जालंधर के ढाबा संचालकों का कहना है कि अब सिलेंडर महंगा होने से दोबारा से रेट रिवाइज करने पड़ेंगे। 15 दिन के अंदर ही दूसरी बार रेट बढ़ने से ग्राहक की जेब पर सीधा असर होगा। ढाबे की मालकिन बोलीं- अब हमें खाने के रेट बढ़ाने होंगे कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में इजाफे को लेकर जालंधर के लाडोवाली रोड स्थित ‘पंजाबी ढाबा’ की मालकिन कमलेश ने बताया कि कमर्शियल सिलेंडरों के दाम में बढ़ोतरी के बाद उन्हें अपने सामान के दामों में भी इजाफा करना पड़ रहा है। लगातार बढ़ती महंगाई के कारण उन्हें खाने-पीने की चीजों की कीमतों में वृद्धि करनी पड़ रही है। अमृतसर में अब ये होंगे सिलेंडर के दाम अमृतसर में भी एलपीजी सिलेंडर के रेट अपडेट किए गए हैं। इंडियन ऑयल द्वारा जारी रेट लिस्ट के अनुसार, 14.2 किलो वाला घरेलू उपयोग वाला गैस सिलेंडर 954 रुपए, 5 किलो 354.50 रुपए में मिल रहा है। वहीं, 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर 3178.50 रुपए, 47.5 किलो का 7941 रुपए और 19 किलो नैनो कट का 3332 रुपए में उपलब्ध है। पठानकोट में भी बढ़े दाम पठानकोट के शिव गैस एजेंसी के मालिक भूपेंद्र सिंह के मुताबिक पहले 19 किलोग्राम रेगुलर कमर्शियल सिलेंडर का रेट 2227 था जो अब बढ़कर 3197 रुपए 50 पैसे हो गया है। इसी तरह एक्स्ट्रा तेज सिलेंडर का दाम 2243 से 3219 रुपए 50 पैसे हो गया है। जबकि, नैनो कट कमर्शियल सिलेंडर का दाम 2273 रुपए से 3350 रुपए 50 पैसे हो गया है।
Source link
