लुधियाना के नामी सतलुज क्लब में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कार्यक्रम को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। क्लब के कुछ सदस्यों ने डीसी को लिखित शिकायत देकर क्लब परिसर में राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाने पर सवाल उठाए हैं। मेंबर्स का कहना है कि सतलुज क्लब के नियमों के अनुसार यहां किसी भी तरह की राजनीतिक गतिविधि आयोजित नहीं की जा सकती। दरअसल, 28 जून (रविवार) को एक भाजपा नेता ने सतलुज क्लब में प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के प्रसारण का आयोजन करवाया था। इस कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए थे। क्लब के सदस्यों का आरोप है कि यह कार्यक्रम पूरी तरह राजनीतिक था, जबकि क्लब के संविधान के अनुसार परिसर में किसी भी तरह की राजनीतिक गतिविधि आयोजित नहीं की जा सकती। वहीं, भाजपा नेता का कहना है कि यह कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं था, बल्कि प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का प्रसारण था, जिसे पीएमओ की ओर से आयोजित किया जाता है। उन्होंने कहा कि इसके लिए उन्होंने क्लब में बुकिंग करवाई थी और निर्धारित भुगतान भी किया था। क्लब के सदस्यों का दावा है कि इस कार्यक्रम के लिए क्लब अध्यक्ष-सह-डीसी हिमांशु जैन से कोई अग्रिम अनुमति नहीं ली गई थी। वहीं, डीसी हिमांशु जैन ने मामले में शिकायत मिलने की पुष्टि की है, जिसकी एडीसी जांच करेंगे। CM सैनी के कार्यक्रम पर क्यों जताया एतराज, जानिए… कार्यक्रम की परमिशन को लेकर की है शिकायत सतलुज क्लब कार्यकारिणी की पदाधिकारी डॉ सुलभा जिंदल ने बताया कि 28 जून को जब मेंबर्स सुबह क्लब पहुंचे तो वहां पूरा क्लब छावनी में तब्दील हो रखा था। पता किया तो जानकारी मिली कि हरियाणा के सीएम आ रहे हैं। उनका कहना है कि सीएम नायब सैनी के आने से उन्हें कोई एतराज नहीं है, लेकिन क्लब में कार्यक्रम करवाने की परमिशन को लेकर क्लब मेंबर्स ने डीसी को शिकायत की है। उस दिन क्लब में मेंबर्स को काफी परेशानी हुई। उन्हें पार्किंग के लिए भी जगह नहीं दी गई। मैंने बुक किया है, मेरे पास रसीदें भाजपा नेता का कहना है कि मैं सतलुज क्लब का मेंबर हूं। मैंने डाइनिंग हॉल बुक किया था और उसकी रसीद कटवाई है। मैंने पूरी पेमेंट की है। इसके अलावा कार्यक्रम कोई भी राजनीतिक नहीं था। यह पीएमओ का कार्यक्रम था, जिसमें सीएम सैनी आए थे। उनके साथ सभी क्लब मेंबर्स ने बैठकर कार्यक्रम देखा है और खाना खाया है। सतलुज क्लब में पहले भी अलग-अलग पार्टियों के नेता आते रहे हैं। इसमें संजीव अरोड़ा, अमरिंदर सिंह राजा वडिंग व अन्य कई नेताओं को गेस्ट के तौर पर बुलाया जाता रहा है। यह सिर्फ एक मुद्दा बनाने की बात की है।
Source link
