![]()
पंचकूला में ट्रैफिक व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। हिमाचल-दिल्ली राज्यों से आने वाले वाहन ड्राइवरों की शिकायतों के बाद ट्रैफिक विंग में तैनात सभी एसपीओ और होमगार्ड जवानों को हटाकर अन्य स्थानों पर तैनात करने के निर्देश जारी किए गए हैं। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि पंचकूला से होकर प्रतिदिन हिमाचल प्रदेश, पंजाब, दिल्ली और चंडीगढ़ सहित कई राज्यों के हजारों वाहन गुजरते हैं। पिछले कुछ समय से ट्रैफिक पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों और सुझावों की समीक्षा के बाद यह निर्णय लिया गया है कि ट्रैफिक ड्यूटी में लगे सभी एसपीओ और होमगार्ड कर्मियों का तबादला किया जाएगा। सड़क सुरक्षा से जुड़े उल्लंघनों पर रहेगा फोकस पुलिस कमिश्नर ने ट्रैफिक अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अब कार्रवाई का मुख्य फोकस सड़क सुरक्षा से जुड़े गंभीर नियम उल्लंघनों पर रहेगा। विशेष रूप से ड्रिंक एंड ड्राइव, ट्रिपल राइडिंग, बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने और वाहनों पर अवैध ब्लैक फिल्म लगाने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस कदम का उद्देश्य आम वाहन चालकों को अनावश्यक परेशानियों से बचाना और दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। रिश्वत मांगने वालों पर होगी कार्रवाई पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने स्पष्ट किया कि वाहन जांच के दौरान यदि कोई पुलिस कर्मचारी वाहन चालक से दुर्व्यवहार करता है, रिश्वत मांगता है या अनुचित लाभ लेने की कोशिश करता है तो इसकी शिकायत सीधे हेल्पलाइन नंबर 9115777026 पर की जा सकती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हर शिकायत की निष्पक्ष जांच होगी और दोषी पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। शिकायतकर्ता की पहचान भी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
Source link
पंचकूला की ट्रैफिक व्यवस्था में पुलिस कमिश्नर का बड़ा बदलाव:ट्रैफिक विंग से हटेंगे सभी एसपीओ और होमगार्ड, हिमाचल-दिल्ली की गाड़ियों को करते थे टारगेट







