![]()
नूंह जिले के पुन्हाना खंड के सिरौली गांव के पास देर रात एक सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि 16 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पिकअप चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुन्हाना सदर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मांडीखेड़ा स्थित अल आफिया अस्पताल भेजा। मृतक की पहचान फिरोजपुर झिरका क्षेत्र के गांव कालियाबास निवासी वसीम के रूप में हुई है। मामा से मिलने झांडा गया था पुलिस के अनुसार, वसीम अपने नाना और मामा से मिलने झांडा गांव गया था। देर रात वह बाइक से अपने घर लौट रहा था। सिरौली गांव के पास पहुंचने पर सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। वसीम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा 16 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों ने बताया कि वसीम तीन बहनों का इकलौता भाई था। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पिकअप ड्राइवर के खिलाफ केस जांच अधिकारी लेखराम ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर अज्ञात पिकअप ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर रही है। पुलिस ने कहा कि फरार ड्राइवर को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
नूंह सड़क हादसे में युवक की मौत:पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर, साथी की हालत गंभीर; ड्राइवर फरार







