नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका क्षेत्र में अवैध विस्फोटक सामग्री की बड़ी खेप पकड़ी गई है। अगोन-फिरोजपुर झिरका रोड पर नाकाबंदी के दौरान एक टेम्पो से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, पटाखा बनाने का सामान और तैयार पटाखे बरामद किए गए। इस मामले में 3 युवकों को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद सामग्री का उपयोग अवैध रूप से पटाखे बनाने के लिए किया जाना था। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई शनिवार देर रात अगोन मोड़ के पास की गई। नाकाबंदी के दौरान अगोन की ओर से आ रहे एक टेम्पो को रोका गया। तलाशी लेने पर उसमें अवैध विस्फोटक सामग्री मिली। वाहन में सवार युवकों की पहचान गांव बिसरू निवासी मुकीम पुत्र इसराईल, इमरान पुत्र दीन मोहम्मद और अजीम पुत्र वहीद के रूप में हुई है। आरोपियों के पास से मिला ये सामान तलाशी के दौरान टेम्पो से 4 कट्टों में 72.220 किलोग्राम पिसा हुआ कोयला, 7.400 किलोग्राम गंधक, 35.480 किलोग्राम पोटैशियम, 18.680 किलोग्राम मिक्स बारूद और 120 किलोग्राम पुट्टी बरामद हुई। इसके अतिरिक्त, दो डिब्बे पीला पेंट, 4 प्लास्टिक तसले, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा, 150 खाली गत्ता कार्टून, 3 टेप मशीन, 15 पैकेट तैयार पटाखे (जिनमें 150 छोटी डिब्बियां थीं), 10 पेटियों में 1080 पेपर ट्यूब चकली, 13 पेटियों में 1456 चकली और 23 पैकेट माचिस बॉक्स भी जब्त किए गए। पूछताछ में आरोपी विस्फोटक सामग्री और पटाखा निर्माण से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए। इसके बाद तीनों युवकों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर रही पुलिस थाना सदर फिरोजपुर झिरका प्रभारी सुभाष चंद्र ने बताया कि बरामद विस्फोटक सामग्री का उपयोग अवैध पटाखा निर्माण और उसकी आपूर्ति के लिए किया जाना था। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह सामग्री कहां से लाई गई थी और इसे किन क्षेत्रों में पहुंचाया जाना था। साथ ही, इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि अवैध विस्फोटक कारोबार के पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सके।
Source link
नूंह में अवैध विस्फोटक सामग्री की बड़ी खेप पकड़ी:3 आरोपी गिरफ्तार, अवैध पटाखा बनाने की तैयारी, पूरे नेटवर्क की जांच शुरू
