spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

दुबई में तरनतारन के युवक की मौत, घर पहुंचा शव:कंपनी में गैस लीक होने से हुआ था हादसा, 'सरबत दा भला ट्र्स्ट के सहयोग से भारत पहुंचा




दुबई में रोजगार के सिलसिले में गए तरनतारन के गांव कक्का कंडियाला निवासी रंजीत सिंह की दर्दनाक मौत के बाद, ‘सरबत दा भला चैरिटेबल ट्रस्ट’ के प्रयासों से उनका शव आज भारत वापस लाया गया। अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शव प्राप्त करने के बाद ट्रस्ट की टीम ने उसे पूरे सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव पहुंचाया। भावुक माहौल में रंजीत सिंह का अंतिम संस्कार कर दिया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों और गणमान्य व्यक्तियों ने शिरकत की। प्राप्त जानकारी के अनुसार, तरनतारन का नौजवान रंजीत सिंह सुनहरे भविष्य की तलाश में दुबई गया था और वहां एक निजी कंपनी में काम कर रहा था। ड्यूटी के दौरान अचानक कंपनी में गैस लीक होने से एक भयानक हादसा हो गया, जिसकी चपेट में आने से रंजीत सिंह गंभीर रूप से झुलस गए। अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इस अचानक आई त्रासदी से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। लाचार माता-पिता की पुकार पर आगे आए डॉ. एसपी सिंह उबरई बेटे की मौत की खबर मिलने के बाद बुजुर्ग माता-पिता के पास इतने संसाधन नहीं थे कि वे शव को भारत मंगवा सकें। इसके बाद पीड़ित परिवार ने जिला इकाई तरनतारन के माध्यम से विख्यात समाजसेवी और सरबत दा भला चैरिटेबल ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी डॉ. एसपी सिंह उबरई से संपर्क साधा और मदद की गुहार लगाई। डॉ. उबरई ने तुरंत मामले को संज्ञान में लिया और दुबई में संबंधित कंपनी तथा दूतावास से संपर्क कर सभी आवश्यक कानूनी कागजी कार्रवाई को पूरा करवाया। पैतृक गांव में गमगीन माहौल में हुआ अंतिम संस्कार डॉ. उबरई और संबंधित कंपनी के सांझा प्रयासों के चलते रंजीत सिंह का शव आज सुरक्षित अमृतसर एयरपोर्ट और वहां से उनके पैतृक गांव कक्का कंडियाला पहुंचा। शव के गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। इस दौरान भारी संख्या में रिश्तेदार, ग्राम निवासी और विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संगठनों के नेता परिवार को ढांढस बंधाने पहुंचे। ट्रस्ट की तरनतारन जिला इकाई ने मौके पर ही मृतक का पासपोर्ट और अन्य आवश्यक दस्तावेज भी उनके शोकाकुल परिवार को सौंप दिए। अंतिम विदाई में शामिल हुए कई गणमान्य लोग रंजीत सिंह के अंतिम संस्कार के अवसर पर सरबत दा भला चैरिटेबल ट्रस्ट जिला इकाई तरनतारन के अध्यक्ष दिलबाग सिंह जोधा, संरक्षक सुखवंत सिंह धामी, महासचिव कुलराज बीर सिंह कंग, मास्टर गुलबाग सिंह कुहड़का, कुलविंदर सिंह पिंका, मुखराम सिंह, बिक्रमजीत सिंह कंग, पंडित गगनदीप भार्गव, हरजीत सिंह नामधारी और शिरोमणि अकाली दल के शहरी अध्यक्ष श्री कुलदीप सिंह सहित कई अन्य प्रमुख हस्तियां और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। सभी ने पीड़ित परिवार के साथ गहरी संवेदना व्यक्त की और ट्रस्ट के इस परोपकारी कार्य की सराहना की।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

Popular Articles