![]()
तरनतारन जिले के थाना वैरोंवाल के अंतर्गत आते गांव चक करखां में पुरानी खुन्नस और आपसी विवाद के चलते एक युवक पर जानलेवा फायरिंग किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस वारदात में एक व्यक्ति गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया है। वैरोंवाल थाने में दर्ज कराई शिकायत में चक करखां निवासी पीड़ित दविंदर सिंह (पुत्र मंगल सिंह) ने बताया कि बीती 5 जुलाई को गांव के ही कुछ युवक अनमोलदीप सिंह, अंशदीप सिंह और दूसरी तरफ से दिलप्रीत सिंह व साहिबदीप सिंह आपस में किसी बात को लेकर बुरी तरह झगड़ रहे थे। उस समय जिम्मेदार लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था और सभी को उनके घर भेज दिया था, लेकिन विवाद की यह शांति कुछ ही घंटों की साबित हुई। मोटरसाइकिल सवार हमलावर, रोकने पर चलाई पिस्तौल शिकायतकर्ता के अनुसार, उसी रात करीब 8 बजे आरोपी अनमोलदीप सिंह ने दिन के विवाद का बदला लेने के लिए कुछ बाहरी अपराधियों को गांव में बुला लिया और पीड़ित के घर के पास आकर फिर से गाली-गलौज और झगड़ा शुरू कर दिया। बाहर हो रही भारी चीख-पुकार और शोर-शराबा सुनकर जब दविंदर सिंह अपने घर से बाहर आए, तो उन्होंने देखा कि वहां भारी हंगामा हो रहा था। मौके पर गुरजंट सिंह, अर्शदीप सिंह (दोनों निवासी कंग गोइंदवाल साहिब) के साथ-साथ अनमोलदीप सिंह, सुखविंदर सिंह उर्फ लालो और कुलविंदर कौर समेत करीब 10-12 अज्ञात लोग मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए थे। इन सभी के हाथों में तेजधार और जानलेवा हथियार थे और वे जोर-जोर से ललकारे मार रहे थे। जब दविंदर सिंह ने स्थिति को संभालने और उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो आरोपी गुरजंट सिंह ने तैश में आकर अपने हाथ में पकड़ी पिस्तौल से सीधे दविंदर सिंह पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी, जिससे वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। मियांविंड के सरकारी अस्पताल में कराया भर्ती, महिला सहित पांच नामजद गोली चलने की आवाज से पूरे गांव में दहशत फैल गई और लोग इकट्ठा होने लगे, जिन्हें आता देख आरोपी अपने हथियारों सहित मोटरसाइकिलों पर बैठकर मौके से फरार हो गए। ग्रामीण और परिजन गंभीर रूप से घायल दविंदर सिंह को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी सरकारी अस्पताल मियांविंड लेकर पहुंचे, जहाँ डॉक्टरों की टीम द्वारा उनका आपातकालीन उपचार किया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही वैरोंवाल थाने की पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और पीड़ित के बयानों के आधार पर कानूनी कार्रवाई शुरू की। एएसआई बलदेव सिंह ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित दविंदर सिंह के बयानों और शुरुआती तफ्तीश के बाद एक महिला सहित पांच मुख्य आरोपियों को नामजद कर लिया है, जबकि उनके 10-12 अज्ञात साथियों के खिलाफ भी हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की तलाश तेज कर दी है।
Source link
तरनतारन में झगड़े में घुस में घुसकर मारी गोली, गंभीर:दिन में हुआ था विवाद, रात में 10-12 साथियों संग हमला, माहिला सहित 5 पर केस







