![]()
तरनतारन जिले के कस्बा हरिके में पुरानी रंजिश को लेकर एक व्यक्ति पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाने का गंभीर मामला सामने आया है। हरिके के बाबा जीवन सिंह मोहल्ला में हुई इस वारदात में साहिब सिंह नामक व्यक्ति बाल-बाल बच गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर एक ही परिवार के चार सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और एक आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। थाना हरिके पुलिस को दी शिकायत में साहिब सिंह (पुत्र बलबीर सिंह, निवासी हरिके) ने बताया कि वह बाजार से अपना निजी काम निपटाकर घर लौट रहे थे। जब वे जरनैल सिंह (पुत्र हरभजन सिंह) के घर के पास से गुजर रहे थे, तो रास्ते में पहले से मौजूद जरनैल सिंह के दो बेटों—मनिंदर सिंह और यादविंदर सिंह ने उनका रास्ता रोक लिया और बेवजह बहस शुरू कर दी। इसी दौरान जरनैल सिंह भी घर से बाहर निकल आए और अपने बेटों को ललकारते हुए कहा, “इन्हें पकड़ो और बताओ कि हमें बदनाम करने का क्या अंजाम होता है।” पिता की ललकार सुनते ही मनिंदर सिंह ने अपनी डिक्की से पिस्तौल निकाली और सीधे साहिब सिंह पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। नीचे झुककर बचाई जान, दहशत फैलाने के लिए की हवाई फायरिंग पीड़ित साहिब सिंह और उनके साथ मौजूद जशनदीप सिंह ने जैसे ही गोली चलती देखी, वे तुरंत जमीन पर नीचे बैठ गए, जिससे गोली उनके सिर के ऊपर से निकल गई और वे बाल-बाल बच गए। दोनों जान बचाने के लिए गली की तरफ भागे, तो आरोपियों में शामिल यादविंदर सिंह ने मनिंदर से पिस्तौल छीनकर इलाके में दहशत फैलाने के उद्देश्य से हवा में भी गोली चलाई। इस दौरान परिवार की महिला बलजीत कौर ने भी घर से बाहर आकर पीड़ितों पर ईंट-पत्थर फेंके। पुलिस ने दर्ज किया मामला, एक आरोपी गिरफ्तार मामले की जांच कर रहे एएसआई (ASI) सुखदेव सिंह ने बताया कि पीड़ित के बयानों और प्राथमिक जांच के आधार पर आरोपी जरनैल सिंह, मनिंदर सिंह, यादविंदर सिंह और बलजीत कौर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता/आर्म्स एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला बलजीत कौर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
Source link







