फतेहाबाद जिले के टोहाना के पास गांव रहनवाली में भाखड़ा नहर में नहाते समय 21 वर्षीय युवक राहुल तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। सूचना मिलने पर सदर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। हिसार से एनडीआरएफ (NDRF) की टीम को बुलाया गया है, जिसने नहर में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। अभी तक युवक की बॉडी नहीं मिली है। जानकारी के अनुसार, जाखल की नायक बस्ती निवासी राहुल अपने चाचा के लड़के सुमित और दोस्तों गौरव व प्रिंस के साथ मंगलवार को नहर में नहाने आया था। वे सभी गांव रहनवाली के पास नहर में उतरे। नहाते समय अचानक पानी का बहाव तेज हो गया, जिससे राहुल बहाव में फंस गया। दोस्तों ने राहुल को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज धार के कारण वे खुद भी संभल नहीं पाए और राहुल उनकी आंखों से ओझल हो गया। इसके बाद उन्होंने परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर आए और उसकी तलाश शुरू की। हालांकि, प्रशासन ने नहरों में नहाने पर प्रतिबंध लगाया हुआ है। इसके बावजूद लोग नहरों में नहाने से बाज नहीं आ रहे हैं। मां का रो-रोकर बुरा हाल सदर थाना के एडिशनल थाना प्रभारी हरदयाल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर मौजूद हैं। पुलिस ने आसपास के गांवों में भी सूचना भिजवा दी है ताकि यदि शव तट पर मिले तो तुरंत जानकारी मिल सके। राहुल की मां मंजू का रो-रोकर बुरा हाल है। राहुल की शादी सात महीने पहले ही हुई थी। चार बहन-भाईयों में सबसे छोटा था परिजनों के अनुसार, राहुल जाखल में दुकान पर नौकरी करता था। उसके पिता रामफल मजदूरी करते हैं। रामफल के चार बच्चे हैं, जिनमें दो बेटी-दो बेटे हैं। चारों शादीशुदा हैं। राहुल इनमें सबसे छोटा था। एसएचओ ने की नहरों में नहाने से बचने की अपील एडिशनल थाना प्रभारी हरदयाल सिंह ने लोगों से अपील की है कि मानसून के दौरान नहरों और दरियाओं में नहाने से बचें। उन्होंने बताया कि पानी का बहाव ऊपर से कम दिख सकता है, लेकिन अंदर तेज भंवर होते हैं। पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
Source link
टोहाना की भाखड़ा नहर में डूबा युवक:NDRF की टीम तलाश में जुटी; 7 महीने पहले हुई थी शादी
