![]()
झज्जर में कांग्रेस नेता वीरेंद्र डूमरखां ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि भाजपा देश में पैसे की ताकत के सहारे स्थायी शासन कायम करना चाहती है। वीरेंद्र डूमरखां झज्जर में पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह की प्रस्तावित यात्रा का रूट मैप तैयार करने पहुंचे थे, जहां उन्होंने विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि भाजपा धर्मांतरण के सहारे पूरे देश में स्थायी शासन करने की फिराक में है। इसीलिए उसने महिला आरक्षण बिल को भी अपना हथियार बनाया, लेकिन वह इसमें सफल नहीं हो पाई। उन्होंने बताया कि बृजेंद्र सिंह की सद्भावना यात्रा हरियाणा के 82 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजर चुकी है। इस दौरान लोगों से जुड़ने का अवसर मिला। बृजेंद्र सिंह भी कहते हैं कि यदि वह पिछला विधानसभा चुनाव जीत जाते तो केवल विधायक बनकर रह जाते, लेकिन अब इस यात्रा के जरिए उन्हें लोगों से सीधे मिलने और उनका हालचाल जानने का मौका मिला। लोग कांग्रेस से जुड़ना चाहते हैं : वीरेंद्र डूमरखां ने कहा कि इस यात्रा के दौरान यह साफ नजर आया है कि लोग अब कांग्रेस से जुड़ना चाहते हैं। हिसार में जननायक जनता पार्टी के नेता दुष्यंत चौटाला के साथ हुए घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि भले ही दुष्यंत उनके राजनीतिक विरोधी हैं, लेकिन उनके साथ जो हुआ उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि मामले में शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। बोले- हुड्डा हो चुके उम्रदराज पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा राहुल गांधी के आगमन के बावजूद सद्भावना यात्रा में शामिल न होने के बयान पर जवाब देते हुए डूमरखां ने कहा कि हुड्डा अब उम्रदराज हो चुके हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यदि वह यात्रा में पैदल नहीं चल सकते तो कम से कम गाड़ी में बैठकर इसका हिस्सा बन सकते हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि हुड्डा ने खुद राहुल गांधी को अपना नेता बताया है और उनके आने पर शामिल होने की बात कही है। लोगों की भागीदारी से मजबूत होगी कांग्रेस डूमरखां ने कहा कि सद्भावना यात्रा ने यह स्पष्ट कर दिया है कि केवल नेताओं और कार्यकर्ताओं से नहीं, बल्कि आम लोगों की भागीदारी से ही कांग्रेस मजबूत होगी। उन्होंने यह भी कहा कि यह यात्रा आधिकारिक है और इसके समापन अवसर पर राहुल गांधी स्वयं शामिल होंगे। उन्होंने झज्जर जिले के सभी कांग्रेस विधायकों को अपना साथी बताते हुए कहा कि वह सभी से मिलकर यात्रा को सफल बनाने के लिए चर्चा करेंगे।
Source link
झज्जर में कांग्रेस नेता वीरेंद्र डूमरखां का भाजपा पर हमला:बोले-पैसा-धर्मांतरण के सहारे स्थायी शासन चाहती है, दुष्यंत प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग







