![]()
जींद जिले में जुलाना कस्बे के मेन बाजार में गंदे पानी की निकासी की समस्या गंभीर बनी हुई है। पानी की निकासी व्यवस्था ठप होने के कारण दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दुकानों के आगे करीब एक से डेढ़ फीट तक गंदा पानी जमा रहता है, जिससे व्यापार प्रभावित हो रहा है और ग्राहकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नरेंद्र ढांडा, सुरेश और बीरभान सहित अन्य दुकानदारों ने बताया कि यह समस्या लंबे समय से चली आ रही है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है। सड़क पर गंदा पानी जमा होने से बदबू फैलती है और मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। दुकानदारों के अनुसार, नगर पालिका और संबंधित अधिकारियों को इस समस्या के बारे में कई बार सूचित किया जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ है। पिछले विधानसभा सत्र में जुलाना की विधायक विनेश फोगाट ने भी इस मुद्दे को विधानसभा में उठाया था। उन्होंने बाजार की निकासी व्यवस्था सुधारने और लोगों को राहत देने की मांग की थी। इसके बावजूद, बाजार के हालात जस के तस बने हुए हैं। दुकानदारों का आरोप- प्रशासन से केवल आश्वासन मिला दुकानदारों का आरोप है कि प्रशासन केवल आश्वासन देने तक सीमित है और धरातल पर कोई कार्य नहीं हो रहा है। गंदे पानी के कारण ग्राहकों ने बाजार में आना कम कर दिया है। कई ग्राहक पानी और कीचड़ देखकर वापस लौट जाते हैं, जिससे दुकानदारों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। लगातार पानी जमा रहने से सड़क भी क्षतिग्रस्त हो रही है और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। दुकानदारों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द एक विशेष अभियान चलाकर निकासी व्यवस्था को ठीक किया जाए ताकि लोगों को इस गंभीर समस्या से राहत मिल सके।
Source link
जुलाना के मेन बाजार में जलभराव, दुकानदार परेशान:विनेश फोगाट ने विधानसभा में उठा चुकी, व्यापारी बोले- पानी देखकर वापस लौट रहे ग्राहक







