![]()
जींद जिले के जुलाना में एक रेडीमेड कपड़ों के शोरूम पर मामूली विवाद के बाद करीब डेढ़ दर्जन हथियारबंद युवकों ने हमला कर दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंची सीआईए और एवीटी स्टाफ की पुलिस टीम के साथ भी हाथापाई की गई। हमलावर मोबाइल और घड़ी भी छीनकर ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जुलाना के शादीपुर निवासी प्रियव्रत जींद-रोहतक रोड पर बुढ़ाखेड़ा लाठर मोड़ के पास ‘मोटेल रेडीमेड कपड़ों’ का शोरूम चलाते हैं। 3 जून की शाम करीब 6 बजे फरमाणा (रोहतक) निवासी राजेश (सेक्रेटरी) अपने एक साथी के साथ कपड़े बदलने के लिए शोरूम आया था। प्रियव्रत ने कपड़े बदल दिए, लेकिन नए कपड़ों की कीमत अधिक होने पर जब अतिरिक्त पैसों की मांग की गई, तो राजेश ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए चला गया। रात करीब 9 बजे राजेश अपने भाई शीलू, सुधीर, अपने बेटे और 10 अन्य अज्ञात व्यक्तियों के साथ तीन गाड़ियों – वैगनआर, किया सेल्टॉस और स्कॉर्पियो – में सवार होकर वापस आया। सभी आरोपी लाठी, डंडे और फरसे जैसे हथियारों से लैस थे। उन्होंने आते ही प्रियव्रत पर हमला कर दिया। शोर सुनकर बचाने आए उनके भाई विकास, प्रवीण और चाचा सुरेश को भी पीटा गया। आरोपी शीलू ने विकास के सिर पर फरसे से वार किया, जिससे उनके हाथ पर गंभीर चोट आई। हंगामा बढ़ता देख पास ही मौजूद सीआईए और एवीटी स्टाफ के पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। बदमाशों ने पुलिस टीम के साथ भी हाथापाई की। वारदात के दौरान पीड़ित का आईफोन 17, घड़ी और एक पुलिसकर्मी का मोबाइल भी छीन लिया गया। भीड़ और पुलिस बल इकट्ठा होते देख हमलावर घबरा गए और अपनी दो गाड़ियां (स्कॉर्पियो और वैगनआर) मौके पर छोड़कर एक गाड़ी से फरार हो गए। पुलिस ने प्रियव्रत की शिकायत पर राजेश और अन्य आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की छानबीन जारी है।
Source link
जींद में कपड़े बदलने पर विवाद, शोरूम पर बोला धावा:मालिक को बेरहमी से पीटा; बचाने आए पुलिस कर्मियों से हाथापाई, मोबाइल-घड़ी ले गए







