![]()
जींद जिले के अलेवा क्षेत्र के गांव थुआ में मामूली विवाद में ईंटें मारकर एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। झड़प में मृतक के बेटे और बहन को भी लाठी-डंडों से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। अलेवा थाना पुलिस ने दंपती सहित कुल 9 लोगों के खिलाफ हत्या (गैर-इरादतन) और दंगा भड़काने की संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में थुआ गांव के निवासी 45 वर्षीय बलजीत ने बताया, उसके बड़े भाई रामनिवास के खाली प्लॉट के पीछे साधुराम का मकान है। साधुराम अपने मकान की दीवार की मरम्मत के लिए हमारे घर के सामने गली में रेता डाल रहा था। जब हमने रेता हटाने को कहा, तो रविवार सुबह करीब 9:00 बजे साधुराम और उसकी पत्नी मीनाक्षी हमसे कहासुनी करने लगे। उसने बताया कि इसी बीच उनके परिवार के सनेत, मोनू, लक्ष्मी, अंकुश, शिवचरण, बलबीर और रामभगत हाथों में लाठी-डंडे लेकर आ गए। अचानक तैश में आकर साधुराम और उसकी पत्नी मीनाक्षी ने उसके भाई रामनिवास पर ईंटें बरसानी शुरू कर दीं। साधुराम द्वारा फेंकी गई ईंट उसके भाई के सीने (पर्दा) पर लगी और उसकी पत्नी मीनाक्षी की ईंट भाई के सिर में जाकर लगी। बलजीत के मुताबिक, जब रामनिवास का बेटा आशीष और बहन कविता बीच-बचाव करने आए, तो आरोपियों ने लाठी-डंडों से उन पर भी हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। परिजन गंभीर रूप से घायल रामनिवास को तुरंत नागरिक अस्पताल जींद लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। नगूरां पुलिस चौकी के प्रभारी सुखबीर कुंडू (PSI) ने बताया कि उन्हें जींद के नागरिक अस्पताल से रामनिवास की ‘ब्रॉड डेड’ (अस्पताल पहुंचने से पहले मौत) होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने तुरंत अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में लिया।
भाई बलजीत के बयान और घायल आशीष व कविता की मेडिकल रिपोर्ट (MLR) के आधार पर पुलिस ने आरोपी साधुराम, उसकी पत्नी मीनाक्षी सहित सभी 9 हमलावरों के खिलाफ धारा 115(2), 190, 191(2) और 105 BNS के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश देनी शुरू कर दी है।
Source link
जींद में ईंट मारकर व्यक्ति की हत्या:घर के सामने रेता डालने पर पड़ोसी से झगड़ा हुआ; बेटा-बहन को भी गंभीर चोटें लगी







