![]()
जालंधर में ‘चावला मोबाइल पॉइंट’ पर हुई फायरिंग के मामले में एक नया और चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है। वारदात के दौरान मौके पर मौजूद भीड़ और दुकानदारों ने फायरिंग करने वाले दो युवको में से एक को पकड़ लिया। अब उसी युवक और उसे भेजने वाले गैंगस्टरों से दुकानदारों ने हाथ जोड़कर माफी मांगी है। सोशल मीडिया पर दुकानदारों द्वारा माफी मांगने का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। सूत्रों का दावा है कि दुकानदारों ने यह कदम युवक से जुड़े एक बड़े गैंगस्टर की तरफ से मिली जान से मारने की धमकी के बाद उठाया है। क्या है पूरा मामला? यह पूरी घटना 21 जून की है, जब जालंधर के मशहूर चावला मोबाइल पॉइंट पर अज्ञात बदमाशों द्वारा ताबड़तोड़ फायरिंग की गई थी। गोलीबारी की इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था।फायरिंग के तुरंत बाद, दुकानदारों और वहां इकट्ठा हुई उग्र भीड़ ने एक युवक को मौके पर ही दबोच लिया था। लोगों ने उस युवक लात-घूंसों सेपिटाई कर दी थी।
गैंगस्टर की धमकी और दुकानदारों का खौफ पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद, पीड़ित युवक से जुड़े एक गैंगस्टर ने दुकानदारों को सीधे तौर पर अंजाम भुगतने की धमकी दे डाली। गैंगस्टर की इस धमकी से बाजार के व्यापारी और दुकानदार बुरी तरह खौफजदा हो गए। अपनी जान माल की सुरक्षा को खतरे में देख, मारपीट में शामिल मुख्य दुकानदारों ने खुद का एक वीडियो रिकॉर्ड किया और उसे सोशल मीडिया पर जारी कर दिया। इस वीडियो में दुकानदार पूरी तरह से डरे हुए और बैकफुट पर नजर आ रहे हैं। वीडियो में दुकानदारों ने क्या कहा? वायरल वीडियो में दुकानदार हाथ जोड़कर पंजाबी में अपनी गलती स्वीकार करते हुए कह रहे हैं। दुकान के लोगों ने वीडियो में कहा की कुछ दिन पहले हमारे चावला मोबाइल पॉइंट पर एक घटना हुई थी, जिसमें लोगों की भीड़ ने एक लड़के को पकड़ लिया था और उसकी बहुत बुरी तरह से पिटाई कर दी थी। मैं उस पूरी घटना के लिए उस भाई (युवक) से हाथ जोड़कर माफी मांगता हूं। इसके साथ ही, जिन लोगों ने उसे भेजा था, मैं उनसे भी हाथ जोड़कर माफी मांगता हूं। हम सीधे-साधे काम-काज करने वाले लोग हैं, कृपया हमें माफ कर दिया जाए। दहशत में कारोबारी, सुरक्षा पर सवाल इस माफीनामे के बाद स्थानीय पुलिस प्रशासन और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सूत्रों का कहना है कि सरेआम फायरिंग करने वाले और दुकानदारों को डराने वाले गैंगस्टरों का खौफ इस कदर बढ़ गया है कि व्यापारी अब खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
Source link
जालंधर शॉप पर फायरिंग में पीटे युवक से मांगी माफी:गैंगस्टर की धमकी के बाद खौफ में दुकानदारों , बोले- हम हाथ जोड़कर माफी मांगते







