![]()
हरियाणा के पंचकूला में BJP नेता के भाई पर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी रोहित गोदारा गैंग ने ली है। फेसबुक पेज पर पोस्ट डालकर खुलेआम अब उसके पार्टनर को भी मारने की धमकी दी गई है। फेसबुक पर जारी पोस्ट में कहा गया है कि BJP नेता के भाई रतन लुबाना ने उनके विरोधियों को 20 करोड़ रुपये के जमीन सौदे में आर्थिक मदद पहुंचाई थी। इसके साथ ही जमीन कारोबार से जुड़े अन्य लोगों को भी चेतावनी दी गई है कि यदि उन्होंने विरोधी पक्ष का साथ दिया तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। पोस्ट में यह भी कहा गया है कि फायरिंग केवल “संदेश” देने के लिए करवाई गई थी और चाहें तो संबंधित व्यक्ति की हत्या भी की जा सकती थी। इसके अलावा विरोधी गुट को आर्थिक या अन्य किसी प्रकार का सहयोग करने वालों को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई है। सोशल मीडिया पोस्ट में कई गैंगों और व्यक्तियों के नाम हैशटैग के जरिए भी लिखे गए हैं। साथ ही पोस्ट के अंत में एक गैंगस्टर के समर्थन में बयान देते हुए उसके खिलाफ बोलने वालों को भी जान से मारने की धमकी दी गई है। पल-पल की अपडेट ले रहा था रोहित गोदारा
पंचकूला के सेक्टर-5 में हुई फायरिंग की घटना को विदेश में बैठा गैंगस्टर रोहित गोदारा लाइव देख रहा था। जांच में सामने आया है कि जब फायरिंग हुई तो वहां पर कोई शख्स मौजूद था, जो उसे पल-पल की अपडेट दे रहा था। घटना के तुरंत बाद रोहित गोदारा ने रतन लुबाना के फोन पर कॉल भी किया था।
रैकी करने वालों को तलाश कर रही पुलिस
पंचकूला फायरिंग में पुलिस रतन लुबाना की रैकी करने वाले की तलाश कर रही है। क्योंकि बिना रैकी के इतनी बड़ी वारदात संभव नहीं है। रतन लुबाना की सही लोकेशन बदमाशों के पास थी और वे उसका क्लब से बाहर निकलने का इंतजार कर रहे थे। पीजीआई से पंचकूला शिफ्ट हुए दोनों बदमाश
घटना में घायल पंजाब निवासी जसविंद्र व हरप्रीत दोनों की स्थिति सुधरने के बाद पीजीआई चंडीगढ़ से पंचकूला शिफ्ट कर दिया गया है। जहां पर पुलिस सुरक्षा में दोनों का उपचार चल रहा है। पुलिस दोनों के डिस्चार्ज होने का इंतजार कर रही है, उसके बाद गिरफ्तार किया जाएगा। चल रही है मामले की जांच : DCP
पंचकूला डीसीपी क्राइम अमरिंदर सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों के साथियों की तलाश चल रही है। रैकी की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। पुलिस सुरक्षा में दोनों बदमाशों का उपचार चल रहा है। जैसे ही डिस्चार्ज होंगे, दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link
जमीन सौदे में दखल, BJP-नेता के भाई पर फायरिंग कारण:रोहित गोदारा गैंग ने पोस्ट डालकर ली जिम्मेदारी, गोली मारने से पहले हुई रैकी







