![]()
लुधियाना के जगराओं में जीटी रोड पर स्थित मशहूर ‘बाबा चिकन’ रेस्टोरेंट पर हथियारों के बल पर कब्जा करने, धमकियां देने और फिरौती मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अमेरिका में बैठे एक व्यक्ति ने मैनेजर के साथ मिलकर रेस्टोरेंट पर कब्जा करने की साजिश रची। पीड़ित मालिक की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए थाना सिटी पुलिस ने 2 नामजद आरोपियों और 3 अज्ञात समेत कुल 5 लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया है। नामजद आरोपियों की पहचान लुधियाना के पंडोरी गांव निवासी वरिंदरपाल सिंह उर्फ हैप्पी और तेजिंदर सिंह उर्फ सन्नी के रूप में हुई है। गांव रसूलपुर (मल्ला) निवासी पीड़ित जसप्रीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे मेन जीटी रोड पर बाबा चिकन रेस्टोरेंट चलाते हैं। उनके बड़े भाई राजविंदर सिंह उर्फ राजा की दोस्ती वरिंदरपाल सिंह उर्फ हैप्पी से थी, जो पंडोरी में मैरीविला पैलेस और एक रेस्टोरेंट चलाता है। जसप्रीत ने बताया कि शुरुआत में रेस्टोरेंट कारोबार का ज्यादा अनुभव न होने के कारण उन्होंने भाई के कहने पर हैप्पी से मार्गदर्शन लिया। उन्होंने हैप्पी पर आंख मूंदकर भरोसा किया और उसे अपने कारोबार में शामिल कर लिया। आरोप है कि हैप्पी ने इसी भरोसे का फायदा उठाकर धीरे-धीरे अपने कर्मचारियों को बाबा चिकन रेस्टोरेंट में तैनात करवा दिया। हिसाब मांगा तो अमेरिका से भेजे हथियारबंद बदमाश जब रेस्टोरेंट बढ़िया चलने लगा, तो वरिंदरपाल सिंह उर्फ हैप्पी की नीयत खराब हो गई और उसने पूरे कारोबार पर कब्जा करने की साजिश रच डाली। जब जसप्रीत ने मैनेजर से रेस्टोरेंट का हिसाब-किताब मांगा, तो मैनेजर ने तुरंत इसकी जानकारी अमेरिका में मौजूद वरिंदरपाल सिंह उर्फ हैप्पी को दे दी। इसके बाद हैप्पी ने अमेरिका से ही अपने गुर्गों को रेस्टोरेंट पर कब्जा करने के लिए भेज दिया। आरोपी हथियार लेकर रेस्टोरेंट पहुंचे और जबरन ऑफिस में घुसकर स्टाफ को डराने-धमकाने लगे। कर्मचारियों के सामने कहा- ‘अब सन्नी है रेस्टोरेंट का नया मालिक’ पीड़ित के मुताबिक, हथियारबंद आरोपियों ने वहां मौजूद कर्मचारियों और लोगों के सामने सरेआम ऐलान कर दिया कि अब इस रेस्टोरेंट का मालिक जसप्रीत सिंह नहीं, बल्कि तेजिंदर सिंह उर्फ सन्नी है। आरोपियों ने धमकी दी कि अगर जसप्रीत दोबारा रेस्टोरेंट में आया या हिसाब-किताब मांगने की कोशिश की, तो उसे जान से मार दिया जाएगा। परिवार दहशत में, कारोबार हुआ प्रभावित जसप्रीत सिंह ने आरोप लगाया कि आरोपी लगातार उन्हें और उनके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं और उनसे बड़ी रकम की फिरौती मांग रहे हैं। आरोपियों ने न तो रेस्टोरेंट का हिसाब दिया और उल्टा पूरा कारोबार हड़पने की नीयत से धोखाधड़ी की। इस गुंडागर्दी के कारण उनका चलता हुआ कारोबार बुरी तरह प्रभावित हुआ है और पूरा परिवार खौफ के साए में है। पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच शुरू थाना सिटी पुलिस ने जसप्रीत सिंह की शिकायत के आधार पर मुख्य आरोपी वरिंदरपाल सिंह उर्फ हैप्पी, तेजिंदर सिंह उर्फ सन्नी और तीन अज्ञात हमलावरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 329(3), 308(4), 318(4), 351(2), 62 और 61(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
Source link
जगराओं में रेस्टोरेंट पर कब्जे की कोशिश:अमेरिका से बैठकर रची साजिश, हथियारबंद बदमाशों ने मैनेजर को धमकाया; 5 पर केस







