लुधियाना के जगराओं क्षेत्र के थाना हठूर के अंतर्गत आते गांव माणूंके में 11 जून की देर रात हुई अंधाधुंध फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वारदात के बाद से ही पुलिस की गिरफ्त से दूर चल रहे मुख्य आरोपी गुरमनजोत सिंह ने अपने एक साथी के साथ आखिरकार पुलिस के सामने आत्मसमर्पण (सरेंडर) कर दिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गांव चकर निवासी गुरमनजोत सिंह और गांव लहिरा निवासी कुलदीप सिंह उर्फ मानक के रूप में हुई है। पुलिस जांच के अनुसार, इस पूरे मामले में अब तक कुल पांच आरोपियों को नामजद किया जा चुका है। इनमें से चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि मनजिंदर सिंह नामक एक आरोपी अभी भी फरार चल रहा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अब तक दो अवैध हथियार भी बरामद किए हैं। फोन पर दी थी जान से मारने की धमकी, दहशत में दोस्त के घर रुका था पीड़ित माणूंके निवासी शिकायतकर्ता प्रगट सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 10 जून की रात मुख्य आरोपी गुरमनजोत सिंह ने उन्हें फोन कर जान से मारने और गोलियां मारने की सीधी धमकी दी थी। कॉल के दौरान परमिंदर सिंह नामक युवक भी उन्हें धमकियां दे रहा था। इस धमकी से घबराकर प्रगट सिंह उस रात अपने घर न जाकर एक दोस्त के घर रुक गए थे। सीसीटीवी में कैद हुई थी गुंडागर्दी की पूरी वारदात अगली रात (11 जून) प्रगट सिंह की बहन ने उन्हें फोन कर सूचना दी कि कुछ बदमाशों ने उनके घर पर हमला कर दिया है। बाइक पर सवार होकर आए तीन नकाबपोश बदमाशों ने प्रगट सिंह के घर के बाहर आते ही मुख्य गेट पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं और जमकर ईंट-पत्थर बरसाए। घर के बाहर लगे कैमरों में साफ देखा गया कि गुरमनजोत सिंह अपनी पिस्तौल से गेट पर फायरिंग कर रहा था, जबकि मनजिंदर सिंह गेट पर ईंटें फेंक रहा था। तीसरा आरोपी बाइक स्टार्ट रखकर उनका सहयोग कर रहा था। इस घटना में कोई हताहत तो नहीं हुआ, लेकिन पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी। जांच के बाद दो और आरोपियों पर केस दर्ज थाना हठूर के एएसआई (ASI) मनोहर सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी तफ्तीश के आधार पर जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, मामले की परतें खुलती गईं। शुरुआत में तीन आरोपियों पर केस दर्ज हुआ था, लेकिन बाद में सुंदर सिंह और दलवीर सिंह उर्फ नन्नू के नाम भी सामने आए, जिन्हें पुलिस पहले ही दबोच चुकी थी। अब पुलिस रिमांड के दौरान मुख्य आरोपी गुरमनजोत और कुलदीप से गहनता से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वारदात में इस्तेमाल किए गए अवैध हथियार उन्होंने कहां से और किस नशा/हथियार तस्कर से खरीदे थे। इसके साथ ही फरार आरोपी मनजिंदर सिंह की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी जारी है।
Source link
जगराओं फायरिंग कांड, मुख्य आरोपी ने साथी संग किया सरेंडर:2 दिन के पुलिस रिमांड में भेजे, अब तक 4 गिरफ्तार, दो अवैध हथियार बरामद
