![]()
हरियाणा स्टेट वेयर हाउसिंग कॉर्पोरेशन (एचएसडब्ल्यूसी) के नवनियुक्त चेयरमैन एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता एडवोकेट रामकिशन शर्मा ने शनिवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट कर आभार व्यक्त किया और नई जिम्मेदारियों को लेकर मार्गदर्शन प्राप्त किया। रामकिशन शर्मा ने कहा कि हरियाणा स्टेट वेयर हाउसिंग कॉर्पोरेशन को किसानों की जरूरतों के अनुरूप और अधिक सक्षम, पारदर्शी तथा जनहितैषी संस्था बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि रामकिशन शर्मा के नेतृत्व में निगम किसानों को बेहतर भंडारण सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ प्रदेश की भंडारण व्यवस्था को और अधिक मजबूत करेगा। आधुनिक और बेहतर भंडारण सुविधाएं उपलब्ध
रामकिशन शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में वे प्रदेश सरकार की किसान हितैषी नीतियों को आगे बढ़ाते हुए किसानों को आधुनिक और बेहतर भंडारण सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे। साथ ही निगम की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और तकनीक आधारित बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से हरियाणा को कृषि अवसंरचना और भंडारण क्षमता के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में स्थापित करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
क्या है हरियाणा स्टेट वेयर हाउसिंग कॉर्पोरेशन हरियाणा स्टेट वेयर हाउसिंग कॉर्पोरेशन राज्य सरकार का एक महत्वपूर्ण उपक्रम है, जिसकी स्थापना किसानों की उपज के वैज्ञानिक भंडारण और कृषि विपणन व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से की गई थी। निगम प्रदेश के विभिन्न जिलों में गोदामों का संचालन करता है और खाद्यान्न, बीज, उर्वरक तथा अन्य कृषि उत्पादों के सुरक्षित भंडारण की सुविधा उपलब्ध कराता है। निगम की भूमिका गेहूं और धान की सरकारी खरीद के दौरान और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है। भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) और अन्य सरकारी एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर यह संस्था किसानों की उपज के सुरक्षित रखरखाव और समयबद्ध उठान सुनिश्चित करने का कार्य करती है। इसके अलावा आधुनिक वेयरहाउसिंग सुविधाओं के विस्तार, गुणवत्ता मानकों के पालन और भंडारण क्षमता बढ़ाने पर भी निगम लगातार काम कर रहा है।
Source link
चेयरमैन बनने के बाद CM सैनी से मिले रामकिशन शर्मा:किसानों के हित में बेहतर भंडारण व्यवस्था का भरोसा, जवाबदेह और तकनीक आधारित होगा कॉर्पोरेशन







