हांसी स्थित गांव चानौत में भाखड़ा पाइपलाइन से पेयजल कनेक्शन की मांग को लेकर ग्रामीणों का धरना शुक्रवार को भी जारी रहा। इस धरने को आम आदमी पार्टी (AAP) हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष सुशील गुप्ता और पार्टी के हांसी जिला अध्यक्ष राजेंद्र सोरखी ने समर्थन दिया। उन्होंने ग्रामीणों की मांगों को जायज ठहराते हुए सरकार पर निशाना साधा। धरने को संबोधित करते हुए सुशील गुप्ता ने कहा कि चानौत के ग्रामीणों का यह आंदोलन अब केवल हांसी या हरियाणा तक सीमित नहीं है, बल्कि इसकी गूंज पूरे देश में सुनाई दे रही है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी इस मुद्दे की गंभीरता को दर्शाती है। AAP नेता ने उठाए हर घर नल-हर घर जल योजना पर सवाल गुप्ता ने कहा कि स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना किसी भी सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सरकार की ‘हर घर नल- हर घर जल’ जैसी योजनाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक तरफ इनका प्रचार किया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर कई गांवों के लोग आज भी साफ पानी के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कटाक्ष किया कि ऐसे नल का क्या लाभ, जिसमें पीने योग्य पानी ही न आए। सुशील गुप्ता ने दावा किया कि हरियाणा के लगभग 70 से 80 प्रतिशत गांवों में पेयजल व्यवस्था संतोषजनक नहीं है और लोग खारा पानी पीने को मजबूर हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आम आदमी पार्टी चानौत के ग्रामीणों की इस लड़ाई में उनके साथ खड़ी है और आंदोलन का पूरा समर्थन करती है। ग्रामीणों की मांग पर सकारात्मक निर्णय ले सरकार : सोरखी वहीं, हांसी जिला अध्यक्ष राजेंद्र सोरखी ने कहा कि इतने दिनों से लगातार धरना जारी रहने के बावजूद समस्या का समाधान न होना सरकार की विफलता को दर्शाता है। उन्होंने सरकार से ग्रामीणों की मांग पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की। ग्रामीणों ने एक बार फिर स्पष्ट किया कि जब तक गांव को हांसी के लिए जा रही भाखड़ा पाइपलाइन से पेयजल कनेक्शन नहीं दिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। 28 दिनों से चल रहे इस धरने को अब विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों का भी समर्थन मिल रहा है।
Source link
चानौत धरने को आम आदमी पार्टी का समर्थन:प्रदेश अध्यक्ष सुशील गुप्ता बोले- पेयजल आंदोलन सरकार की नाकामी, सरकारी योजना पर उठाए सवाल
