![]()
पानीपत जिले के इसराना क्षेत्र में चमराडा माइनर में पिछले एक साल से पानी नहीं पहुंचने के कारण तीन गांवों के किसानों ने सिंचाई विभाग के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। किसानों ने एसडीएम नवदीप सिंह नैन को शिकायत पत्र सौंपकर माइनर के टेल तक पानी पहुंचाने की मांग की है। गांव पुठ्ठर, मांड़ी और बांध के सरपंचों और अन्य ग्रामीणों ने बताया कि माइनर का पानी रास्ते में ही खत्म हो जाता है, जिससे उनकी फसलें प्रभावित हो रही हैं। उनका आरोप है कि सिंचाई विभाग की लापरवाही के कारण किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। धान को लेकर बढ़ी किसानों की चिंता ग्रामीणों ने बताया कि वे इस संबंध में पहले भी कई बार सिंचाई विभाग को शिकायत कर चुके हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई। किसानों का कहना है कि विभाग ने माइनर तो बना दी है, लेकिन उसमें पानी न आने से वह बेकार पड़ी है और उसमें बड़ी-बड़ी घास उग आई है। धान (जिरी) का सीजन नजदीक आने से किसानों में सिंचाई को लेकर चिंता बढ़ गई है। इस पर संज्ञान लेते हुए, एसडीएम नवदीप सिंह नैन ने सिंचाई विभाग को आदेश दिए हैं कि माइनर का पानी टेल तक पहुंचाया जाए और इस मामले में तुरंत कार्रवाई की जाए। एसडीएम को दी गई शिकायत पर हवा सिंह, हरिराम शर्मा, सतपाल, मदन शर्मा, नरेश कुमार, बबली, देवेंद्र, मनजीत, नरेश घणघस, सुखबीर सिंह, दिनेश कुमार और वेदपाल सहित कई ग्रामीणों ने हस्ताक्षर किए हैं।
Source link
चमराडा माइनर का पानी 1 साल से टेल तक नहीं:किसानों ने एसडीएम से की शिकायत, बोले-फसलें प्रभावित हो रही







