spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

चंडीगढ़ में 15 जून से घर-घर जाएंगे BLO:गलत जानकारी देने पर होगी कार्रवाई; 5.16 लाख मतदाता, 14 जुलाई तक चलेगी SIR प्रक्रिया




चंडीगढ़ में मतदाता सूची को पूरी तरह सटीक और त्रुटिरहित बनाने के लिए निर्वाचन विभाग 15 जून से विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) अभियान शुरू करने जा रहा है। इस अभियान के तहत शहर के सभी 5,16,427 मतदाताओं का दोबारा सत्यापन किया जाएगा। निर्वाचन अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि जो मतदाता निर्धारित एन्यूमरेशन फॉर्म भरकर जमा नहीं करेंगे, उनके नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में शामिल नहीं किए जाएंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रेरणा पुरी और उपायुक्त-कम-जिला निर्वाचन अधिकारी निशांत कुमार यादव ने बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अभियान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत चंडीगढ़ समेत देश के 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है, ताकि मतदाता सूची में मौजूद डुप्लीकेट, शिफ्टेड और मृत मतदाताओं के नामों की पहचान कर सूची को अद्यतन किया जा सके। 614 BLO करेंगे घर-घर सर्वे 15 जून से 14 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान के लिए शहर में 614 बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) तैनात किए गए हैं। ये अधिकारी घर-घर जाकर मतदाताओं को एन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराएंगे और उनसे जानकारी प्राप्त करेंगे। निर्वाचन विभाग के अनुसार प्रत्येक मतदाता को फॉर्म की दो प्रतियां दी जाएंगी। एक प्रति भरकर बीएलओ को लौटानी होगी, जबकि दूसरी प्रति मतदाता के पास रसीद के रूप में रहेगी। घर पर ताला मिला तो तीन बार आएंगे BLO अधिकारियों ने बताया कि यदि किसी घर पर पहली बार जाने पर ताला लगा मिलता है, तो बीएलओ उस पते को छोड़ेंगे नहीं। ऐसे मामलों में तीन अलग-अलग अवसरों पर दोबारा विजिट की जाएगी। इसके बावजूद यदि मतदाता की जानकारी उपलब्ध नहीं हो पाती है, तो संबंधित नाम को अनुपस्थित, स्थानांतरित या डुप्लीकेट मानते हुए सूची से हटाने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। फॉर्म नहीं जमा किया तो वोटर लिस्ट से नाम बाहर निर्वाचन विभाग ने साफ कर दिया है कि इस विशेष पुनरीक्षण अभियान में एन्यूमरेशन फॉर्म जमा करना बेहद जरूरी होगा। अधिकारियों के अनुसार आगामी ड्राफ्ट मतदाता सूची में केवल उन्हीं लोगों के नाम शामिल किए जाएंगे जिन्होंने अपना फॉर्म भरकर जमा कराया होगा। जो लोग फॉर्म जमा नहीं करेंगे, उन्हें सत्यापित मतदाता नहीं माना जाएगा। अब तक 72.44% मतदाताओं की हो चुकी मैपिंग निर्वाचन विभाग के आंकड़ों के अनुसार शहर में अब तक 72.44 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूरी की जा चुकी है। शहर में 5,16,427 मतदाता हैं, जिनके लिए 614 बीएलओ (BLO) तैनात किए गए हैं। इस प्रक्रिया के तहत अब तक 72.44 प्रतिशत मैपिंग की जा चुकी है। इसमें से करीब 9,700 मृत मतदाता पाए गए हैं, जबकि 1,04,000 अनमैप मतदाता हैं। निर्वाचन विभाग ने बाहर रहने वाले मतदाताओं के लिए भी व्यवस्था की है। मतदाता पोर्टल से फॉर्म डाउनलोड कर ऑनलाइन जमा किया जा सकता है। परिवार का कोई सदस्य भी उनकी ओर से फॉर्म भरकर जमा कर सकता है। सबसे खास बात यह है कि फॉर्म जमा करने के लिए किसी अतिरिक्त दस्तावेज की जरूरत नहीं होगी। केवल सही तरीके से भरा गया एन्यूमरेशन फॉर्म ही स्वीकार किया जाएगा। राजनीतिक दलों के एजेंट भी करेंगे मदद चंडीगढ़ में विभिन्न राजनीतिक दलों के करीब 1,600 से अधिक बूथ लेवल एजेंट (BLA) भी इस अभियान में सहयोग करेंगे। प्रशासन ने 1,625 बीएलए को विशेष प्रशिक्षण दिया है। ये एजेंट भी मतदाताओं से फॉर्म एकत्र कर सकेंगे, हालांकि एक एजेंट एक बार में अधिकतम 50 फॉर्म ही जमा कर पाएगा। निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि फॉर्म में वर्ष 2002 की मैपिंग से जुड़ी कुछ जानकारियां पहले से दर्ज होंगी। मतदाता चाहें तो मुख्य निर्वाचन अधिकारी चंडीगढ़ की वेबसाइट या निर्वाचन आयोग के राष्ट्रीय पोर्टल पर जाकर अपनी जानकारी सत्यापित कर सकते हैं। इसके अलावा 1 जुलाई 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवा भी नया वोटर बनने के लिए फॉर्म-6 जमा कर सकेंगे। जागरूकता के लिए निकलेंगी साइकिल रैलियां निर्वाचन विभाग लोगों को जागरूक करने के लिए शहरभर में साइकिल रैलियां आयोजित करेगा। इसके अलावा विभिन्न रिहायशी क्षेत्रों में विशेष शिविर भी लगाए जाएंगे, जहां मतदाता अपने फॉर्म भरने और अन्य चुनावी प्रक्रियाओं से संबंधित सहायता प्राप्त कर सकेंगे।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

Popular Articles