नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा 3 मई को आयोजित होने वाली NEET-2026 परीक्षा के लिए चंडीगढ़ में कुल 6 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर कुल 2,854 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा को शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। एसडीएम साउथ ने की समीक्षा एसडीएम साउथ चंडीगढ़ ईशा कंबोज ने NEET-2026 परीक्षा को लेकर सभी तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों के सेंटर सुपरिटेंडेंट, सुपरवाइजर और प्रशासन की ओर से तैनात 6 ड्यूटी मजिस्ट्रेट को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और बिना किसी बाधा के संपन्न होनी चाहिए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए कहा कि हर केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहे, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था या अनुचित गतिविधि को रोका जा सके। इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास ट्रैफिक व्यवस्था को भी सुचारू रखने के निर्देश दिए गए, ताकि अभ्यर्थियों को समय पर पहुंचने में कोई परेशानी न हो। एसडीएम ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि केंद्रों पर बिजली, पेयजल, साफ-सफाई और बैठने जैसी बुनियादी सुविधाएं पूरी तरह दुरुस्त रहें। बायोमेट्रिक उपस्थिति, एंट्री-एग्जिट व्यवस्था और चेकिंग प्रक्रिया को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की ओर से सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाने पर भी जोर दिया गया है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए टीमें अलर्ट पर रखी गई हैं, ताकि परीक्षा के दौरान कोई बाधा न आए और पूरी प्रक्रिया सुरक्षित व व्यवस्थित तरीके से पूरी हो सके। परिक्षा में ये ले जाना अनिवार्य परीक्षा के सिटी कोऑर्डिनेटर और केन्द्रीय विद्यालय सेक्टर-47 के प्रिंसिपल वीरेंद्र सिंह ने बैठक में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि सभी अभ्यर्थियों के लिए एडमिट कार्ड के साथ एक वैध पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा। पहचान के लिए वोटर आईडी, आधार कार्ड या राशन कार्ड में से कोई एक मूल दस्तावेज साथ रखना जरूरी है, ताकि परीक्षा केंद्र पर सत्यापन में किसी तरह की दिक्कत न आए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभ्यर्थियों को केवल पारदर्शी (ट्रांसपेरेंट) पानी की बोतल ले जाने की अनुमति होगी। इसके अलावा मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, नोट्स या अन्य किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक या प्रतिबंधित वस्तु ले जाना पूरी तरह से मना है। परीक्षा केंद्रों पर सख्त चेकिंग की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई हो सकती है। वीरेंद्र सिंह ने यह भी बताया कि परीक्षा के दौरान सभी अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज की जाएगी, जिससे पारदर्शिता बनी रहे और किसी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना खत्म हो सके। अभ्यर्थियों के प्रवेश के लिए समय सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक तय किया गया है।
Source link
