![]()
चंडीगढ़ सेक्टर-52 निवासी 31 वर्षीय दीपक की मौत के मामले में पहले पुलिस इस मामले को नशे की ओवरडोज से हुई मौत बता रही थी, लेकिन अब परिजनों के आरोप और सामने आए सीसीटीवी फुटेज के बाद पुलिस ने हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी में दीपक की लाश को साइकिल पर ले जाते दिख रहे महिला और उसके साथी की पहचान कर ली गई है। दोनों आरोपियों के घरों पर छापेमारी भी की गई, लेकिन वे फरार मिले। पुलिस का दावा है कि उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 5 मिनट में लौट रहा हूं..बोलकर गया था मृतक की पहचान दीपक (31) के नाम से हुई, जो सेक्टर-52 का रहने वाला है। मृतक के पिता रमेश ने बताया कि 8 जुलाई की रात दीपक घर से यह कहकर निकला था कि वह पांच मिनट में लौट आएगा। लेकिन काफी देर तक वापस नहीं आया। परिवार ने पहले अपने स्तर पर रिश्तेदारों, दोस्तों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की। जब कहीं पता नहीं चला तो अगले दिन 9 जुलाई को सेक्टर-52 पुलिस बीट बॉक्स में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई। परिवार का आरोप है कि 10 जुलाई की सुबह पुलिस को एक डिस्पेंसरी के बाहर एक युवक का शव मिला था। उनका कहना है कि शव सुबह करीब चार बजे बरामद हो गया था, लेकिन इसकी सूचना उन्हें सुबह करीब 10 बजे दी गई। सूचना मिलने के बाद परिवार सेक्टर-16 स्थित सरकारी अस्पताल पहुंचा, जहां शव की पहचान दीपक के रूप में हुई। सीसीटीवी में लाश को ले जाते दिखे आराेपी मृतक के भाई राहुल ने कहा कि 10 जुलाई दोपहर 12:32 बजे की सीसीटीवी फुटेज मिली है, जो एक संकरी गली की है। इसमें दिखाई देता है कि एक साइकिल की सीट पर दीपक की लाश को लेटाया गया हुआ है और उसका सिर आगे की ओर झुका हुआ था। साइकिल के दोनों तरफ दो लोग उसे संभालते हुए ले जा रहे हैं। इनमें एक व्यक्ति ने पैंट-शर्ट पहन रखी है, जबकि दूसरे के लंबे बाल और पीछे चोटी दिखाई दे रही है, जिससे परिवार को आशंका है कि वह महिला हो सकती है। फुटेज में यह भी दिखाई देता है कि बारिश के कारण गली में पानी भरा हुआ है और दोनों लोग साइकिल को धीरे-धीरे आगे बढ़ाते हैं। फिर कुछ दूरी पर जाकर दोनों दीपक को गिराकर वहां से फरार हो जाते हैं। शरीर पर चोटों के निशान मृतक दीपक के भाई राहुल ने कहा कि शव पर कई गंभीर चोटों के निशान थे। इन चोटों से साफ प्रतीत होता है कि दीपक की हत्या की गई है। परिवार ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का यह भी कहना है कि यदि समय रहते उन्हें सूचना दी जाती तो शायद मामले के कुछ महत्वपूर्ण सबूत सुरक्षित किए जा सकते थे। उन्होंने पुलिस की ओर से सूचना देने में हुई देरी पर भी सवाल उठाए हैं। डीएसपी धीरज ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहे महिला और उसके साथी की पहचान कर ली गई है। पुलिस टीम ने दोनों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की, लेकिन वे फरार मिले। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link
चंडीगढ़ में लाश को साइकिल पर ले जाने का मामला:पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया,पहले नशे की ओवरडोज से मौत बता रही थी







