![]()
अब चंडीगढ़ में लड़कियों और महिलाओं से छेड़छाड़ करने वालों की खैर नहीं। चंडीगढ़ पुलिस के ‘स्वयम्’ सेल्फ डिफेंस अभियान के तहत 215 लड़कियों और महिलाओं को अपनी सुरक्षा करने के गुर सिखाए गए। सेक्टर-26 स्थित पुलिस लाइन में हुए इस प्रशिक्षण में लड़कियों और महिलाओं को आत्मरक्षा के आसान तरीके सिखाए गए। समापन समारोह में उन्होंने मंच पर इन तकनीकों का प्रदर्शन भी किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं चंडीगढ़ की एसएसपी कंवरदीप कौर ने कहा कि महिलाओं को कमजोर समझने वालों को अपनी सोच बदलनी होगी। उन्होंने कहा कि आत्मरक्षा का प्रशिक्षण सिर्फ खतरे से बचना नहीं सिखाता, बल्कि महिलाओं में आत्मविश्वास, साहस और मुश्किल समय में सही फैसला लेने की क्षमता भी बढ़ाता है। दो चरणों में चला प्रशिक्षण चंडीगढ़ पुलिस की ‘स्वयम्’ टीम ने गर्मी की छुट्टियों के दौरान यह प्रशिक्षण शिविर दो चरणों में आयोजित किया। पहला बैच 1 जून से 15 जून और दूसरा 16 जून से 30 जून 2026 तक चला। दोनों बैचों में कुल 215 लड़कियों और महिलाओं ने हिस्सा लेकर आत्मरक्षा के तरीके सीखे। समापन समारोह में लड़कियों और महिलाओं ने मंच पर आत्मरक्षा के गुर दिखाए। उन्होंने बताया कि अगर कोई छेड़छाड़ करे या हमला करने की कोशिश करे, तो उससे कैसे बचा जा सकता है। उनके प्रदर्शन की सभी ने सराहना की। हर महिला को आत्मरक्षा सीखनी चाहिए एसएसपी कंवरदीप कौर ने कहा कि आज के समय में हर लड़की और महिला को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण जरूर लेना चाहिए। इससे वह न केवल अपनी सुरक्षा कर सकती है, बल्कि किसी भी कठिन परिस्थिति का आत्मविश्वास के साथ सामना भी कर सकती है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ पुलिस महिलाओं की सुरक्षा के लिए हमेशा सतर्क रहती है। शहर में लगातार गश्त, महिला सुरक्षा अभियान और जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। आने वाले समय में भी ऐसे प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे।
Source link
चंडीगढ़ में महिलाओं से छेड़छाड़ की तो पड़ेगा भारी:'स्वयम्' कैंप में 215 लड़कियों और महिलाओं ने सीखी आत्मरक्षा, दो चरणों में मिला प्रशिक्षण







