![]()
चंडीगढ़ इंडस्ट्रियल एंड टूरिज्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (सिटको) ने अपने होटलों को पर्यावरण अनुकूल और आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। सिटको ने शहर के तीन प्रमुख सरकारी होटलों—होटल माउंटव्यू (सेक्टर-10), होटल शिवालिकव्यू (सेक्टर-17) और होटल पार्कव्यू (सेक्टर-24) में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की जगह पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की सप्लाई शुरू कर दी है। इससे अब फुल मेन्यू का खाना तैयार किया जा सकेगा। पिछले दिनों एलपीजी की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद सिटको की ओर से रेस्टोरेंट के मेन्यू में बदलाव किए गए थे। जिन व्यंजनों की मांग कम थी और जिन्हें तैयार करने में गैस की खपत अधिक होती थी, उन्हें मेन्यू से हटा दिया गया था। लेकिन अब पीएनजी से खाना बनने के बाद दोबारा फुल मेन्यू के सभी व्यंजन उपलब्ध कराए जाएंगे। इस पहल के साथ अब इन होटलों के किचन में खाना प्राकृतिक गैस से तैयार होगा, जिससे न केवल कार्य क्षमता व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। ग्रीन एनर्जी की ओर बढ़ा सिटको सिटको के प्रवक्ता के अनुसार पीएनजी पर शिफ्ट होना केंद्र और प्रशासन की सतत शहरी विकास (Sustainable Urban Development) नीति के अनुरूप एक महत्वपूर्ण कदम है। इसका उद्देश्य पारंपरिक ईंधनों पर निर्भरता कम करना और स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देना है। अधिकारियों का कहना है कि यह बदलाव केवल तकनीकी अपग्रेड नहीं, बल्कि पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल है। मेहमानों को मिलेगी बेहतर और तेज सेवा सिटको के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. सैयद आबिद रशीद शाह ने कहा कि संस्थान लगातार अपने इंफ्रास्ट्रक्चर को आधुनिक बनाने और मेहमानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि पीएनजी व्यवस्था अपनाने से होटलों की कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी होगी और मेहमानों को उच्च गुणवत्ता वाली आतिथ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। पीएनजी से होटलों को होंगे 3 बड़े फायदे 1. लगातार और सुरक्षित गैस सप्लाई पीएनजी के जरिए किचन को बिना किसी रुकावट के गैस मिलती रहेगी। सिलेंडर खत्म होने या बदलने की समस्या पूरी तरह समाप्त हो जाएगी। इससे संचालन अधिक सुरक्षित और सुचारु बनेगा। 2. किचन की कार्यक्षमता बढ़ेगी सिटको के चीफ जनरल मैनेजर नवीन रत्तू के अनुसार पीएनजी के उपयोग से किचन की कार्यकुशलता में सुधार होगा। खाना बनाने की प्रक्रिया तेज और व्यवस्थित होगी, जिससे सेवा की गुणवत्ता भी बेहतर होगी। 3. पारंपरिक ईंधन पर निर्भरता घटेगी कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों के स्थान पर पीएनजी अपनाने से होटलों की पारंपरिक ईंधन व्यवस्था पर निर्भरता कम होगी। यह बदलाव संचालन को अधिक आधुनिक और पर्यावरण हितैषी बनाएगा। आगे भी जारी रहेंगे ग्रीन प्रोजेक्ट सिटको प्रबंधन का कहना है कि भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए ऐसे कई नवाचार किए जाएंगे। संस्था का लक्ष्य है कि होटल सेवाओं को विश्वस्तरीय बनाया जाए और साथ ही कार्बन उत्सर्जन को कम करने में भी योगदान दिया जाए।
Source link
चंडीगढ़ के 3 सरकारी होटलों में PNG से बनेगा खाना:सिटको अब फुल मेन्यू करेगा तैयार; LPG की किल्लत के बाद की कटौती







