spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

गुरुग्राम में कांग्रेस के 'सुंदरकांड पाठ' पर बढ़ा सियासी पारा:कांग्रेसी बोले-पुलिस नोटिस देकर तानाशाही कर रही, भाजपा का पलटवार:कार्यालय के अंदर आकर करें पाठ




गुरुग्राम में भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय ‘गुरुकमल’ के बाहर कांग्रेस द्वारा ‘सुंदरकांड पाठ’ आयोजित करने के ऐलान के बाद शहर में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। यह विवाद अब सियासी गलियारों से निकलकर सीधे थाने तक पहुंच चुका है। सेक्टर-40 थाना पुलिस ने कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका के तहत सोमवार देर रात कांग्रेस के दोनों जिलाध्यक्षों को एक आधिकारिक नोटिस जारी किया। इस प्रशासनिक कदम के बाद जहां कांग्रेस ने सरकार और पुलिस पर दमनकारी नीति अपनाने का आरोप लगाया है, वहीं भाजपा ने इस पूरे घटनाक्रम को कांग्रेस का राजनीतिक स्टंट करार दिया है। बीजेपी जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने कहा कि कांग्रेस नेता कार्यालय के बाहर की बजाय अंदर सुंदरकांड का पाठ करें। हम उनका स्वागत करेंगे और उनके साथ बैठने का काम करेंगे। पुलिस के नोटिस से कांग्रेस की तीखी प्रतिक्रिया मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मुस्तैद हो गई है। सेक्टर-40 थाना प्रभारी की ओर से जारी नोटिस में कांग्रेस नेताओं को कानून अपने हाथ में न लेने और शांति व्यवस्था बनाए रखने की हिदायत दी गई है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि किसी भी राजनीतिक दल के कार्यालय के ठीक बाहर इस तरह के धार्मिक आयोजन से दो पक्षों में टकराव की स्थिति पैदा हो सकती है, जिससे शहर की यातायात और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित होने का खतरा है। प्रशासन की कार्रवाई पर ऐतराज जताया इस नोटिस के मिलने के बाद कांग्रेस नेताओं ने पुलिस और सत्ताधारी दल के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस के ग्रामीण जिलाध्यक्ष वर्धन राव ने देर रात सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश जारी कर प्रशासन की कार्रवाई पर कड़ा ऐतराज जताया। वर्धन राव ने कहा, “भगवान श्रीराम और हनुमान जी का नाम लेना तथा सुंदरकांड का पाठ करना देश में कोई अपराध नहीं है। भाजपा खुद को धर्म का ठेकेदार समझती है, लेकिन जब विपक्ष भगवान की आराधना करना चाहता है, तो उन्हें पुलिस का डर दिखाया जा रहा है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं का यह कार्यक्रम पूरी तरह से फाइनल है और वे अपने तय शेड्यूल के मुताबिक पीछे हटने वाले नहीं हैं। भाजपा का पलटवार: ‘कार्यालय के अंदर आकर करें पाठ’ दूसरी तरफ, कांग्रेस के इस आक्रामक रुख पर भाजपा ने भी सधी हुई लेकिन तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा के शहरी जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने कांग्रेस के इस कदम को महज सुर्खियां बटोरने का जरिया बताया। सर्वप्रिय त्यागी ने कहा, “हमें कांग्रेस के सुंदरकांड पाठ करने पर कोई आपत्ति नहीं है। गुरुकमल के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं। अगर कांग्रेस नेताओं के मन में वास्तव में भगवान हनुमान के प्रति श्रद्धा जागी है, तो वे सड़क पर ड्रामा करने के बजाय गुरुकमल कार्यालय के अंदर आएं और शांतिपूर्वक बैठकर सुंदरकांड का पाठ करें। हम खुद उनका स्वागत करेंगे। भाजपा नेताओं का आरोप है कि कांग्रेस केवल राजनीतिक लाभ उठाने के लिए धार्मिक प्रतीकों का इस्तेमाल कर रही है। सुरक्षा के कड़े इंतजाम विवाद के मद्देनजर गुरुग्राम जिला प्रशासन और पुलिस विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। मंगलवार सुबह से ही सदर बाजार और गुरुकमल कार्यालय के आसपास के पूरे इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। सेक्टर-40 पुलिस सहित विभिन्न थानों की पुलिस टीमों को दंगा नियंत्रण वाहनों के साथ तैनात किया गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। खुफिया विभाग की टीमें भी सोशल मीडिया पोस्ट और नेताओं की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आगामी चुनावों को देखते हुए दोनों ही दल इस धार्मिक और सियासी मुद्दे को हाथ से जाने नहीं देना चाहते, जिसके कारण आने वाले दिनों में शहर की राजनीति में इस तरह के कई और दिलचस्प मोड़ देखने को मिल सकते हैं।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

Popular Articles