![]()
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को पंचकूला से राज्य स्तरीय कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से प्रदेश को 100 करोड़ रुपए से अधिक की 9 स्वास्थ्य परियोजनाओं की सौगात दी। इसी क्रम में गुरुग्राम के जिला नागरिक अस्पताल में अमृत फार्मेसी स्टोर और स्वस्थ नारी सशक्त परिवार क्लिनिक का शुभारंभ किया गया। स्थानीय कार्यक्रम में विधायक मुकेश शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव पंचकूला के कार्यक्रम में मौजूद थीं। इस अवसर पर विधायक मुकेश शर्मा ने कहा कि पहले किडनी के मरीजों को डायलिसिस के लिए बड़े शहरों के निजी अस्पतालों में जाना पड़ता था, जहां लाखों रुपए खर्च होते थे। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह उपचार कराना कठिन था। उन्होंने बताया कि अब सरकार द्वारा सिविल अस्पतालों में नि:शुल्क डायलिसिस सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे मरीजों को अपने जिले में ही बेहतर उपचार मिल रहा है। विधायक मुकेश शर्मा बोले- प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार हुआ विधायक शर्मा ने आगे कहा कि वर्ष 2014 से पहले सिविल अस्पतालों में सुविधाओं की कमी थी, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में स्वास्थ्य सेवाओं में लगातार सुधार हुआ है। अस्पतालों में आधुनिक मशीनें, बेहतर उपचार व्यवस्था और विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ी है। इसी कारण अब आम नागरिक विश्वास के साथ सरकारी अस्पतालों में अपना इलाज करवाने पहुंच रहे हैं। मुकेश शर्मा ने यह भी बताया कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति तक सस्ती, सुलभ और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, ताकि किसी भी मरीज को इलाज के लिए परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्वस्थ नारी- सशक्त परिवार’ के विजन को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आगे बढ़ा रहे हैं। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार ‘निरोगी हरियाणा’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में कार्य कर रही है। कार्यक्रम में एडीसी सोनू भट्ट, सीएमओ डॉ. लोकवीर, पीएमओ नीना सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Source link
गुरुग्राम में अमृत फार्मेसी, स्वस्थ नारी क्लिनिक का शुभारंभ:विधायक मुकेश शर्मा ने किया उद्घाटन, बोले- निरोगी हरियाणा के संकल्प को साकार कर रही सरकार







