![]()
करनाल के बुटाना थाना क्षेत्र के एक गांव में एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म और धमकी देने का मामला सामने आया है। जहां पर एक युवक लंबे समय से लड़की का पीछा कर रहा था और पहले भी उसके साथ गलत हरकत कर चुका था। हाल ही में आरोपी रात को घर में घुस आया और दोबारा वारदात की कोशिश की। परिवार के जागने पर वह मौके से फरार हो गया। पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत पुलिस को की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीछा करने से परेशान होकर छुड़वाई पढ़ाई
शिकायतकर्ता पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी 15 वर्षीय बेटी अपनी बुआ के घर यानी कुरूक्षेत्र के शाहबाद तहसील के एक गांव में पढ़ाई कर रही थी। इसी दौरान दूसरे गांव का रहने वाला एक युवक लड़की का पीछा करता था। यह लड़का नशा करने वाला और आपराधिक प्रवृत्ति का बताया गया है। उसकी हरकतों से परेशान होकर लड़की ने पढ़ाई छोड़ दी और परिवार उसे वापस गांव ले आया। गांव में भी आरोपी ने करना शुरू किया पीछा
परिवार का आरोप है कि आरोपी ने गांव में भी आना-जाना शुरू कर दिया और लड़की पर नजर रखने लगा। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी की पहले शादी हो चुकी है और उसका तलाक का मामला भी चल रहा है। रात को घर में घुसकर की वारदात की कोशिश
शिकायत में बताया गया कि 30 मई की रात करीब 12 बजे जब परिवार सो रहा था, तभी आरोपी घर में घुस गया और लड़की के साथ गलत हरकत करने की कोशिश करने लगा। कुछ आवाज सुनाई देने पर परिवार की नींद खुल गई। जब उन्होंने आरोपी का पीछा किया तो वह मौके से भाग निकला। पीड़िता ने बताया पहले भी कर चुका है रेप
घटना के बाद जब परिवार ने लड़की से बात की तो उसने बताया कि आरोपी पहले भी उसके साथ दुष्कर्म कर चुका है। इस खुलासे के बाद परिवार और ज्यादा डर के माहौल में आ गया। अगले दिन फिर पहुंचा और दी धमकी
शिकायतकर्ता ने बताया कि 31 मई को दोपहर करीब 3 बजे आरोपी फिर उनके घर आया और धमकी दी कि वह लड़की को जबरदस्ती ले जाएगा। आरोपी की इस हरकत से परिवार में दहशत का माहौल है। परिवार ने जताया जान-माल और इज्जत का खतरा
पीड़िता के पिता ने पुलिस को बताया कि उन्हें आरोपी से अपनी जान-माल और बेटी की इज्जत का खतरा है। उन्होंने आशंका जताई कि आरोपी दोबारा कोई बड़ी वारदात कर सकता है। पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
थाना बुटाना में इस शिकायत के आधार पर आज मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच महिला थाना करनाल की एसआई सुनीता को सौंपी गई है। थाना बुटाना के एसएचओ राजपाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। अभी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं है। जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
Source link
करनाल में नाबालिग से रेप:घर में घुसकर दोबारा की कोशिश,पीड़िता के पिता की शिकायत पर केस दर्ज, महिला अधिकारी को सौंपी जांच







