Related Posts

करनाल में चाकू के नोक पर युवक से लूट:43 हजार रुपए लेकर भागे बाइक सवार बदमाश; थाना प्रभारी बोले- मामला संदिग्ध




करनाल के कर्ण विहार इलाके में एक युवक के साथ चाकू की नोंक पर मारपीट कर 43 हजार 200 रुपए लूट लिए। वारदात को अंजाम देने वाले 2 युवक बाइक पर सवार होकर आए थे। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, हालांकि शुरुआती जांच में पुलिस को मामला संदिग्ध लग रहा है। करनाल के सूरज नगर निवासी रवि कुमार ने बताया कि वह कर्ण विहार से सेक्टर-12 कोर्ट की तरफ जा रहा था। जैसे ही वह कर्ण विहार की गली नंबर 10 या 11 के पास पहुंचा, तभी बाइक पर सवार 2 युवक आए और उसे रोक लिया। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और 43 हजार 200 रुपए छीन लिए। इस दौरान उन्होंने उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। रवि के अनुसार हमलावरों ने नगला चौक से ही उसका पीछा करना शुरू कर दिया था। दोनों युवकों ने अपने चेहरे पर परना बांधा हुआ था और उनके पास चाकू भी था। लोग जुटे, पर मदद नहीं मिली पीड़ित ने बताया कि घटना के दौरान आसपास लोग एकत्रित हो गए, लेकिन किसी ने उसकी मदद नहीं की। एक दुकानदार ने उसे अपनी दुकान में शरण दी, जिससे वह हमलावरों से बच सका। पुलिस को बयान में दिखा विरोधाभास डायल 112 के इंचार्ज सब इंस्पेक्टर ने बताया कि सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल में पाया। रवि की पत्नी कुसुम से पूछताछ में अलग जानकारी सामने आई। उसने बताया कि पानीपत में उनकी रिश्तेदारी है और उसकी ननद का लड़का भी इस घटना में शामिल हो सकता है, जिसके साथ एक अज्ञात युवक था। थाना प्रभारी बोले-जांच जारी करनाल सेक्टर-32-33 के थाना प्रभारी जगदीश ने कहा कि 43 हजार रुपए की लूट की सूचना मिली है, लेकिन मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और सच्चाई सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें