![]()
करनाल में नशे के एक मामले में गिरफ्तार किए गए युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। जेल में उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्च्युरी हाउस में रखवा दिया है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। 7 दिन पहले 25 ग्राम स्मैक के साथ हुआ था गिरफ्तार
मृतक की पहचान 34 वर्षीय जसपाल निवासी शिव कॉलोनी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, करीब 7 दिन पहले पुलिस ने उसे 25 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया था। तीन दिन पहले ही उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया था। पुलिस के अनुसार जसपाल नशा करने का आदी था। जेल में बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में तोड़ा दम
परिजनों के मुताबिक, जेल में रहने के दौरान जसपाल की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद जेल प्रबंधन के पुलिसकर्मियों ने उसे करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बहन ने लगाए मारपीट और लापरवाही के आरोप
मृतक की बहन ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उनकी मां की मौत के बाद जसपाल ने थोड़ा-बहुत नशा करना शुरू किया था। आरोप है कि सीआईए स्टाफ ने उसे पकड़कर अंदर काफी मारपीट की। बहन के मुताबिक, परिवार को अस्पताल से महज 10-15 मिनट पहले ही मौत की सूचना दी गई, जबकि पुलिस को पहले ही स्वास्थ्य की जानकारी देनी चाहिए थी, ताकि वे उसे किसी निजी अस्पताल में ले जा सकते। 10 दिन पहले बना था पिता, घर में था खुशी का माहौल
परिजनों के अनुसार जसपाल की करीब एक साल पहले शादी हुई थी और वह 10 दिन पहले ही पिता बना था। घर में खुशी का माहौल था, लेकिन इस घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। रामनगर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्च्युरी में रखवा दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
करनाल नशे के केस में पकड़े युवक की संदिग्ध मौत:परिजनों ने लगाए मारपीट के आरोप,कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया था, तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती







