Related Posts

कनाडा में पंजाबी युवक का ऑन ड्यूटी कत्ल:कॉन्स्टेबल था, केस की जांच के दौरान कार चढ़ाकर कुचला; लुधियाना में ननिहाल




कनाडा के ओंटारियो में पंजाबी युवक का ऑन ड्यूटी कत्ल कर दिया गया। ओंटारियो प्रोविंशियल पुलिस (OPP) के मुताबिक, युवक पुलिस कांस्टेबल था और एक केस के सिलसिले में जांच कर रहा था। उसी दौरान अस्पताल से भागे एक सिरफिरे युवक ने उस पर गाड़ी चढ़ा दी और उसे कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया। वह मूल रूप से पंजाब के नंगल का है और लुधियाना में उसका नानका है। दो साल पहले ही उनकी शादी हुई थी। कनाडा पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए 18 वर्षीय आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया है और उस पर ‘फर्स्ट-डिग्री मर्डर’ का केस दर्ज किया है। अब सिलसिलेवार जानिए पूरा मामला… पंजाब का युवक, लुधियाना में नानका कनाडा में जान गंवाने वाले पुलिस अधिकारी की पहचान तरुण बाली (29) के रूप में हुई। पंजाब के औद्योगिक शहर लुधियाना में तरुण बाली का नानका (ननिहाल) है, जबकि नंगल में उसका पैतृक गांव है। तरुण बाली के मामा सुशील गौतम भी कनाडा में रहते हैं। उन्होंने बताया कि तरुण कनाडा की ओंटारियो पुलिस में प्रोवेंशियल अफसर था। वह बचपन में ही अपने परिवार के साथ कनाडा में शिफ्ट हो गया था। वहीं पर उसने पढ़ाई की और कनाडा पुलिस में अधिकारी बना। जांच के दौरान हमला हुआ, अस्तपताल में मौत ओंटारियो प्रोविंशियल पुलिस (OPP) द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, 9 जून दोपहर लगभग 12:30 बजे (कनाडा समयानुसार) उत्तरी ओंटारियो के हर्स्ट कस्बे के निकट ये हमला हुआ। जेम्स बे OPP के अधिकारी केंडल कंसेशन रोड 7 और कंसेशन रोड 6 के पास एक मामले की जांच कर रहे थे। इसी दौरान वहां आरोपी युवक वाहन लेकर पहुंचा। जब पुलिस अधिकारियों ने उसे रोकने या पकड़ने का प्रयास किया, तो उसने जानबूझकर अपनी गाड़ी से तरुण बाली को उड़ा दिया। टक्कर इतनी भयानक थी कि तरुण दूर जा गिरे और उन्हें गंभीर चोटें आईं। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मानसिक वार्ड से भागा था आरोपी OPP के कमिश्नर थॉमस कैरिक ने इस घटना की कड़ियों को जोड़ते हुए बेहद चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि जिस 18 वर्षीय आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लिया है, वह एक अस्पताल से भागा हुआ था। दरअसल, आरोपी को ‘मानसिक स्वास्थ्य कानून’ के तहत एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां मनोचिकित्सक उसके मानसिक स्वास्थ्य का मूल्यांकन कर रहे थे। वह डॉक्टरों और सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर अस्पताल से भाग निकला और गाड़ी तरुण बाली पर चढ़ा दी। ढाई साल से पुलिस सेवा में थे तरुण लुधियाना से कनाडा गए तरुण के मामा सुशील गौतम ने बताया कितरुण का पुलिस करियर बेहद शानदार और बेदाग था। वे ओंटारियो प्रोविंशियल पुलिस के डफरिन डिटैचमेंट में स्थायी रूप से तैनात थे और उन्हें पुलिस सेवा में ढाई साल का समय हो चुका था। मौत के समय तरुण बाली जेम्स बे डिटैचमेंट के साथ एक विशेष मिशन पर तैनात थे। वहीं, पुलिस विभाग के अधिकारियों का कहना है कि तरुण बेहद मिलनसार, साहसी और अपने कर्तव्य के प्रति समर्पित अधिकारी थे। 2 साल पहले हुई थी तरुण की शादी तरुण बचपन से ही कनाडा में रहे हैं और दो साल पहले उसकी शादी हुई थी। मामा सुशील गौतम ने बताया कि उसने शादी भी पूरे भारतीय रीति रिवाजों के साथ की। उसका सनातन धर्म में बहुत विश्वास था। कनाडा में रहते हुए भी वह सनातन की सभी परंपराओं को मानता था। ‘यह हर पुलिस परिवार का सबसे बुरा सपना’ घटना के बाद कनाडा के पुलिस संगठनों और एसोसिएशंस में भारी आक्रोश और शोक है। OPP एसोसिएशन के अध्यक्ष डेविड सबातिनी ने एक बेहद भावुक बयान जारी किया है। उन्होंने लिखा – “यह हर पुलिस अधिकारी और उसके परिवार के सदस्य के लिए सबसे बुरा सपना है। हम हर दिन अपने घरों से यह सोचकर निकलते हैं कि देश की सेवा करनी है, लेकिन यह घटना एक भयानक रिमाइंडर है कि ओंटारियो के नागरिकों की रक्षा करते हुए हमारे जवानों को हर दिन किस तरह के जानलेवा खतरों का सामना करना पड़ता है। हमारी पूरी संवेदनाएं तरुण के परिवार के साथ हैं।” प्रीमियर डग फोर्ड और कमिश्नर ने जताया गहरा दुख तरुण बाली की हत्या पर कनाडा के राजनीतिक गलियारों में भी शोक की लहर है। ओंटारियो के प्रीमियर डग फोर्ड (Doug Ford) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने लिखा, “आज हर्स्ट में ड्यूटी के दौरान अपनी जान गंवाने वाले OPP प्रांतीय कॉन्स्टेबल तरुण बाली की मौत की खबर से मुझे गहरा दुख हुआ है। ओंटारियो के लोगों की ओर से, मैं उनके परिवार, प्रियजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। हम उनके साहस और इस महान बलिदान को नमन करते हैं।”



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें